रिलायंस इंडस्ट्रीज का शुद्ध लाभ 39 फीसदी बढ़ा

मुंबई, 19 जनवरी (आईएएनएस)। उद्योगपति मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज ने मंगलवार को कहा कि मौजूदा कारोबारी साल की तीसरी तिमाही में उसका समेकित शुद्ध लाभ साल-दर-साल आधार पर 38.7 फीसदी और तिमाही-दर-तिमाही आधार पर 8.5 फीसदी बढ़ा।

एकल आधार पर कंपनी का शुद्ध लाभ साल-दर-साल आधार पर 41.9 फीसदी और तिमाही-दर-तिमाही आधार पर 10.01 फीसदी बढ़ा।

शेयर बाजारों को दी गई नियामकीय सूचना में कंपनी ने कहा कि उसका समेकित शुद्ध लाभ आलोच्य तिमाही में 7,290 करोड़ रुपये तथा एकल आधार पर 7,218 करोड़ रुपये रहा।

दोनों ही आंकड़े बाजार की उम्मीद से बेहतर रहे।

बंबई स्टॉक एक्सचेंज में कंपनी के शेयर 2.51 फीसदी तेजी के साथ 1043.60 रुपये पर बंद हुए।

अंबानी ने कहा, “सात साल के उच्चतम रिफायनिंग मार्जिन और सर्वाधिक उत्पादन के बल पर रिफायनिंग कारोबार का एक बार फिर रिकार्ड प्रदर्शन रहा।”

उन्होंने कहा, “गत तीन तिमाहियों में हमारे रिफायनिंग कारोबार की ब्याज और कर पूर्व आय 2014-15 की रिकार्ड आय से भी अधिक रही।”

कंपनी की कुल आय आलोच्य अवधि में साल-दर-साल आधार पर 23.9 फीसदी घटकर 73,341 करोड़ रुपये रही, जो एक साल पहले 96,330 करोड़ रुपये थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493