रीमा लागू के निधन पर सितारों ने शोक जताया

मुंबई , 18 मई (आईएएनएस)। बॉलीवुड में ज्यादातर मां की भूमिका के लिए पहचानी जाने वाले अभिनेत्री रीमा लागू का गुरुवार तड़के दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। बोमन ईरानी, कुणाल कोहली और मधुर भंडारकर जैसे सितारों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।

59 वर्षीया अभिनेत्री को बुधवार की मध्यरात्रि में अंधेरी पश्चिम के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल (केडीएएच) में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अपने जीवन की अंतिम सास ली।

रीमा को ‘हम आपके हैं कौन’, ‘आशिकी’, ‘कुछ कुछ होता है’, ‘हम साथ साथ हैं’, ‘मैंने प्यार किया’, ‘कल हो ना हो’, ‘वास्तव’, ‘साजन’, ‘रंगीला’ और ‘क्या कहना’ जैसी फिल्मों में शानदार भूमिकाओं के लिए जाना जाता है।

टेलीविजन पर वह ‘खानदान’, ‘श्रीमान श्रीमती’, ‘तू तू मैं मैं’, ‘दो और दो पांच’ जैसे धारावाहिकों में भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभा चुकी हैं। इस समय वह धारावाहिक ‘नामकरण’ में दिख रही हैं।

रीमा के आकस्मिक निधन पर सितारों ने ट्विटर के जरिए शोक व्यक्त किया।

मधुर भंडारकर : रीमा के न रहने के बारे में दुखद खबर सुनी। ‘रंगीला’ में बतौर सहायक निर्देशक के रूप में उनके साथ किया काम याद है। प्रतिभाशाली अभिनेत्री चली गईं।

बोमन ईरानी : हमारी प्यारी रीमा अब नहीं रहीं। मजाकिया, खुशमिजाज और प्यारी। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।

अशोक पंडित : रीमा लागूजी के निधन की खबर सुनकर सदमे में हूं। बॉलीवुड ने एक अद्भुत इंसान और महान अभिनेत्री को खो दिया है।

कुणाल कोहली : रीमा जी के बारे में सुनकर हैरान हूं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। पर्दे के बाहर और अंदर बेहतरीन शख्स। यह बहुत ही चौंकाने वाली और दुखद खबर है।

श्रीया पिलगांवकर : रीमा मासी जी का आज सुबह निधन। एक बड़ा नुकसान। बचपन से उन्हें जानती हूं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493