नई दिल्ली, 27 जून (आईएएनएस)। रूस के उप प्रधानमंत्री इगोर शुवालोव ने हाल ही में चीनी प्रौद्योगिकी कंपनी लेइको के संस्थान का दौरा किया।
शुवालोव ने चीन-रूस निवेश समिति के प्रतिनिधि के तौर पर लेइको के पारिस्थितिकी तंत्र उत्पादों को देखा। इनमें सबसे प्रसिद्घ लेसी इलैक्ट्रिक कार, सुपरफोन, सुपर टीवी, वर्चुअल रिएलिटी (वीआर) और अन्य उत्पाद शामिल थे।
शुवालोव ने एक बयान में कहा, “रूस लेइको को रूस में निवेश के लिए आमंत्रित करता है। बाजार के लिए सबसे अनुकूल माहौल मुहैया कराया जाएगा और पूरा सहयोग मिलेगा।”
शुवालोव रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा थे, जिन्होंने इसी महीने चीन का दौरा किया था।
शुवालोव और रूस के अन्य शीर्ष अधिकारियों ने कंपनी के उत्पाद केंद्र के एक घंटे के दौरे में लेइको के उपाध्यक्ष और सह-संस्थापक लियू होंग और लेरी के अध्यक्ष जू जिनक्वान समेत अन्य शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात की।
लियु होंग और जू जिनक्वान ने लेइको के तीन स्मार्ट टर्मिनल्स सुपर टीवी, सुपरफोन्स और लेसी सुपर कार पेश की।
शुवालोव ने कहा, “मुझे उम्मीद है कि लेइको अपनी शक्तिशाली सामग्री पारिस्थितिकी तंत्र, उप्ताद और सेवाएं रूस में भी लाएगा, जिसके लिए रूसी सरकार मजबूत नीति सहयोग प्रदान करेगी और मजबूत निवेश का माहौल पैदा करेगी।”
लेइको की रूस में 500-1000 लाख डॉलर के निवेश की योजना है। साथ ही इसका लक्ष्य इस व्यापक पारिस्थितिकी तंत्र को देश में लाना है।
इंटरनेट उपयोगकर्ताओं के एक विशाल आधार के साथ, रूस अपनी वैश्विक विस्तार योजना में लेइको के महत्वपूर्ण और रणनीतिक बाजारों में से एक हो जाएगा।
वर्तमान में लेइको रूस में एक पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी लेरी (लेइको रूस और पूर्वी यूरोप)की स्थापना कर रहा है।
लेइको ने रूस में होने जा रहे 2018 फीफा विश्व कप के सभी विशेष मीडिया अधिकार भी प्राप्त कर लिए हैं और इंस्टीट्यूट ऑफ इंटरनेट डेवलपमेंट, रूस निर्यात केंद्र और जेएसी डिजिटल टीवी नेटवर्क के साथ एक करार भी किया है।
dharmpath.com dharmpath