मॉस्को, 18 मई (आईएएनएस)। रूस पर प्रतिबंध के मार्ग में गतिरोध उत्पन्न हो गया है, क्योंकि यूरोपीय अर्थव्यवस्था को हानि हो रही है। यह बात रूसी विदेश मंत्रालय ने बुधवार को कही।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने कहा कि रूस के खिलाफ प्रतिबंध के विरोध में इटली में वेनेटो की क्षेत्रीय परिषद का एक वोट दर्शाता है कि यूक्रेन के संदर्भ में रूस विरोधी प्रचार की प्रक्रिया में गतिरोध उत्पन्न हो गया है।
वोट का संबंध क्रीमीया को रूस का हिस्सा मानने और रूस पर से प्रतिबंध हटाने से है।
एक क्षेत्रीय परिषद के सांसद स्टीफेनो वाल्देगेम्बेरी ने कहा कि रूस पर प्रतिबंध लगाना एक भूल थी।
उन्होंने कहा कि रूस पर प्रतिबंध से वेनेटो की अर्थव्यवस्था पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा है।
रूस पर यूक्रेन में सशस्त्र संघर्ष में शामिल होने का आरोप लगाते हुए यूरोपीय संघ ने 2014 से उस पर कई चक्र के प्रतिबंध लगाए हैं।
रूस ने इन आरोपों को लगातार खारिज किया है और उसने अगस्त 2014 में जवाबी कार्रवाई भी की। जिन देशों ने प्रतिबंध लगाए उनके कुछ खास खाद्य उत्पादों पर रूस ने भी प्रतिबंध लगा दिए।
dharmpath.com dharmpath