मास्को, 25 नवंबर (आईएएनएस)। रूस के प्रधानमंत्री दिमित्री मेदवेदेव ने रूसी विमान को मार गिराए जाने के लिए बुधवार को तुर्की की निंदा करते हुए उसे आर्थिक नुकसान भुगतने की चेतावनी दी।
समाचार एजेंसी तास के अनुसार मेदवेदेव ने कहा, “इस नुकसान की भरपाई मुश्किल होगी। इसका सीधा असर कई संयुक्त परियोजनाओं को रोकने और रूसी बाजार में तुर्की की कंपनियों को होने वाले नुकसान की शक्ल में सामने आ सकता है।”
रूस के रक्षा मंत्रालय ने तुर्की द्वारा रूस के विमान को गिराए जाने को ‘जान बूझकर की गई कार्रवाई’ बताया।
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, “यह न तो दुर्घटना है और न ही गलती। यह जान बूझकर की गई एक ऐसी कार्रवाई है जो आज से पहले कभी नहीं हुई।”
प्रवक्ता ने कहा कि इस घटना का असर सीरिया संकट के हल के लिए रूस के प्रयासों पर नहीं पड़ेगा।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने मंगलवार को कहा था कि विमान को गिराया जाना ‘आतंकवादियों के मददगारों द्वारा पीठ में छुरा भोंकना है।’
तुर्की के विमानों ने मंगलवार को रूस के एक लड़ाकू विमान को मार गिराया था। तुर्की का कहना है कि रूसी विमान ने उसकी वायु सीमा का अतिक्रमण किया था और चेतावनी को अनदेखा किया था।
हालांकि रूस का कहना है कि विमान ने तुर्की की वायु सीमा का उल्लंघन नहीं किया था। विमान सीरिया की सीमा के अंदर आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट के खिलाफ मिशन पर था।
dharmpath.com dharmpath