मिलान, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। चैम्पियंस लीग में पिछले सप्ताह बार्सिलोना की एटलेटिको मेड्रिड पर विवादस्पद जीत के मामले में दिग्गज फुटबाल कोच कार्लो एंसेलोट्टी ने कहा कि रेफरियों ने जाने या अनजाने में बार्सिलोना का पक्ष नहीं लिया था।
बार्सिलोना ने पिछले सप्ताह कैम्प नाउ स्टेडियम में चैम्पियंस लीग के क्वार्टर फाइनल मुकाबले के पहले दौर में हुए मुकाबले में एटलेटिको को 2-1 से मात दी थी।
इस मुकाबले में जर्मन रेफरी फेलिक्स ब्राएक ने फर्नाडो टोरेस को मुकाबले के पहले ही हाफ में दो पीले कार्ड दिखाकर वापस भेज दिया था, लेकिन बार्सा को दो गोल कर जीत दिलाने वाले सुआरेज को जुआनफ्रान पर किक करने के लिए कोई सजा नहीं दी गई।
मैच के बाद एटलेटिको ने यह आरोप लगाया था कि बार्सिलोना का पक्ष लिया जा रहा है। क्लब के खिलाड़ी फिलिप लुइज ने कहा, “बार्सिलोना को बचाया जा रहा है। आप इस डर के शिकार हैं कि कहीं क्लब (बार्सिलोना) बाहर न हो जाए। यह यूएफा को काफी नुकसान पहुंचाएगा।”
वेबसाइट ‘गोल डॉट कॉम’ के अनुसार, कार्लो एंसेलोट्टी से जब पूछा गया कि क्या बार्सिलोना का पक्ष लिया जा रहा है, तो उन्होंने कहा, “इस स्तर पर नहीं। रेफरी का स्तर काफी ऊंचा होता है। कई बार वह गलती करते हैं और कई बार यही गलतियां आपके पक्ष में काम कर जाती हैं। कई बार नहीं भी करतीं।”
रियल मेड्रिड के पूर्व कोच ने कहा, “मैं रेफरी के काम का सम्मान करता हूं। उनका काम बेहद मुश्किल है। फेलिक्स का यूरोप में काफी अच्छा नाम है और मुझे नहीं लगता कि उन्होंने बार्सिलोना की मदद की है। अगर यह संभव भी है, तो भी उन्होंने गलती ही की होगी, क्योंकि हर कोई गलती करता है।”
dharmpath.com dharmpath