पुणे, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। अनुभवी स्पिन गेंदबाज प्रवीण तांबे ने उन पर भरोसा जताने और अपने कौशल का प्रदर्शन करने का मौका देने के लिए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की टीम राजस्थान रॉयल्स की प्रशंसा की है। तांबे ने कहा कि रॉयल्स टीम ने उन पर तब विश्वास किया जब उन्होंने एक भी प्रथम श्रेणी मैच नहीं खेला था।
मुंबई के 43 वर्षीय तांबे ने दिसंबर-2013 में ओडिशा के खिलाफ अपना पहला प्रथम श्रेणी मैच खेला। इससे पूर्व आईपीएल में उन्होंने अपना पदार्पण उसी साल सात मई को रॉयल्स की ओर से दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ मैच से की।
आईपीएल की आधिकारिक वेबसाइट पर शुक्रवार को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार तांबे ने कहा, “राजस्थान रॉयल्स ने मुझे अपना हुनर उस समय दिखाने का मौका दिया जब मैंने एक भी प्रथम श्रेणी मैच नहीं खेला था। इस टीम से मुझे बहुत स्नेह मिला है और इसी कारण क्रिकेट के लिए मेरा भी प्रेम बढ़ा है।”
रॉयल्स टीम के ड्रेसिंग रूम के माहौल की प्रशंसा करते हुए तांबे ने कहा, “मैं यहां बहुत अच्छा महसूस करता हूं और मुझे कभी अकेलापन नहीं लगता। टीम प्रबंधन घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों के बीच की दूरी को कम करने का लगातार प्रयास करता है और मुझे इस टीम का साथ पसंद है।”
तांबे आईपीएल में खेले चार मैचों में अब तक चार विकेट हासिल करने में कामयाब रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath