लॉस एंजेलिस, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। मॉडल-अभिनेत्री रोसी हंटिंग्टन-व्हाईटले ने अन्य मॉडल्स को उन अनुभवों से बचाने के लिए बेहतर सुरक्षा नियमों की मांग की है, जिनका उन्हें काम के दौरान सामना करना पड़ा।
वेबसाइट ‘फीमेलफर्स्ट डॉट को डॉट यूके’ के मुताबिक, 30 वर्षीय मॉडल 15 वर्षो से मॉडलिंग उद्योग में हैं और आशा करती हैं कि कार्यस्थलों पर यौन उत्पीड़न के प्रति दृष्टिकोण में बदलाव आएगा, ताकि मॉडल सुरक्षित महसूस करें।
व्हाईटले ने हार्पर्स बाजार अरबिया मैगजीन से कहा, “निश्चित रूप से मुझे ऐसी घटनाएं का सामना करना पड़ा, जब मुझे असुरक्षित महसूस हुआ और मेरे जीवन में काम के दौरान ऐसे लम्हे आए जब मैंने खुद को असहज स्थितियों में पाया।”
हालांकि, उन्हें खुशी है कि फैशन शोज में मॉडल्स की गरिमा के सम्मान के लिए काम किया जा रहा है, लेकिन वह इस बात को लेकर हैरान हैं कि बदलाव लाने में इतना लम्बा समय लग रहा है।
उन्होंने कहा, “पहली बार न्यूयॉर्क फैशन वीक में कुछ डिजाइनर्स ने मंच के पीछे निजी चेंजिंग एरिया की व्यवस्था की। मैंने अनगिनत फैशन शो किए हैं, जहां आप जिस कमरे में कपड़े बदल रहे होते हैं वहां फोटोग्राफर्स और अन्य लोग इर्द गिर्द घूम रहे होते हैं और आप जब कपड़े बदल रहे होते हैं, तब लोग आपकी तस्वीरें ले रहे होते हैं।”
dharmpath.com dharmpath