रोड मार्श ने चयनसमिति का अध्यक्ष पद छोड़ा

मेलबर्न, 16 नवंबर (आईएएनएस)। होबार्ट टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका से मिली शर्मनाक हार के बाद क्रिकेट आस्ट्रेलिया (सीए) की चयनसमिति के अध्यक्ष रोड मार्श ने बुधवार को तत्काल प्रभाव से अपने पद से इस्तीफा दे दिया।

यह टेस्ट मैच में आस्ट्रेलिया की लगातार पांचवीं हार है। दक्षिण अफ्रीका ने उसे पहले टेस्ट में भी मात दी थी। दूसरे टेस्ट में मिली जीत के साथ ही दक्षिण अफ्रीका ने मेजबानों पर तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला में 2-0 की अजेय बढ़त ले ली है।

इससे पहले उसे श्रीलंका ने भी अपने घर में टेस्ट श्रृंखला में 3-0 से हराया था। इन लगतार हारों के बाद सीए टीम के प्रदर्शन को लेकर परेशान है।

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला में भी आस्ट्रेलिया एक भी मैच नहीं जीत पाई थी।

मार्श ने कहा है कि उन्हें यह फैसला लेने के लिए किसी ने मजबूर नहीं किया है। उनका मानना है कि टीम को एक नई सोच की जरूरत है।

सीए द्वारा जारी किए गए बयान में मार्श ने कहा, “यह मेरा खुद का फैसला है। क्रिकेट आस्ट्रेलिया में से किसी ने भी मुझ पर दबाव नहीं बनाया, न ही किसी ने मुझे यह सुझाव दिया कि मैं यह फैसला लूं। साफ तौर पर यह समय है जब टीम को एक नई सोच की जरूरत है। यह उसी तरह है जैसे कि हमारी टीम को भविष्य का निर्माण करने के लिए कुछ नए चेहरों की जरूरत है।”

उन्होंने कहा, “मेरे दिल में हमेशा आस्ट्रेलिया क्रिकेट का हित सबसे पहले रहा है और इसलिए मैंने यह फैसला लिया है।”

मार्श ने कहा, “मैंने अपनी जिम्मेदारी का पूरा लुत्फ उठाया। मैं कोच, स्टाफ, मेरे साथी चयनकर्ता और सभी खिलाड़ियों का पिछले ढाई साल में दिए गए उनके समर्थन के लिए शुक्रिया करना चाहता हूं। मेरे लिए कई सफलताओं का हिस्सा बनाना अच्छा रहा जिसमें 2015 विश्व कप जीत भी शामिल है।”

सीए बोर्ड बुधवार को बैठक कर अंतरिम मुख्य चयनकर्ता के नाम का ऐलान कर सकता है।

मार्श का कार्यकाल 2017 में समाप्त होना था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493