नई दिल्ली,18 फरवरी (आईएएनएस)। अभिनेता पुलकित सम्राट का कहना है कि रुपहले पर्दे पर कई रोमांटिक फिल्मों को दर्शक ‘वास्तविकता से परे’ करार दे देते हैं क्योंकि उनमें मौजूद कुछ चीजें हकीकत से दूर होती हैं, लेकिन इन फिल्मों में वास्तव में कुछ काल्पनिक नहीं होता है।
पुलकित हाल में फिल्म ‘सनम रे’ में नजर आए, जो 12 फरवरी को रिलीज हुई।
पुलकित ने आईएएनएस को बताया, “जब पर्दे पर रोमांस की बात आती है तो मुझे नहीं लगता है कि इसमें कुछ भी अवास्तविक है। इसे बस थोड़ा बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया जाता है, लेकिन असल जिंदगी में आप प्यार के बारे में जो महसूस करते हैं हम उसे ही पर्दे पर दिखाने की कोशिश करते हैं।”
पुलकित ने कहा, “जब आप प्यार में होते हैं, तब वास्तव में महसूस होता है कि वायलिन बज रहे हैं, बादल घिर आए हैं। तब हर छोटी चीज भी सुंदर लगती है। हम ठीक यही पर्दे पर दिखाने की कोशिश करते हैं। मुझे लगता है कि यह फिल्में असल जिंदगी को अधिक विस्तृत कर दिखाती हैं।”
पुलकित ने अपने करियर की शुरुआत टेलीविजन से की थी, इसके बाद उन्होंने ‘फुकरे’, ‘ओ तेरी’ और ‘बैंगिस्तान’ जैसी फिल्मों से वाहवाही लूटी।
पुलकित ने कहा, “मैं हमेशा से एक अभिनेता ही बनना चाहता था। मैं हमेशा अपने काम को लेकर जिद्दी रहा हूं।”
dharmpath.com dharmpath