रोसू टेस्ट : वेस्टइंडीज को हराकर आस्ट्रेलिया 1-0 से आगे (लीड-1)

रोसू (डेमिनिका), 6 जून (आईएएनएस)। पहली पारी में एडम वोग्स (130) की शानदार बल्लेबाजी और फिर मिशेल स्टार्क (28/4) की धारदार गेंदबाजी की बदौलत आस्ट्रेलिया ने शुक्रवार को विंडसर पार्क मैदान पर पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन मेजबान वेस्टइंडीज को नौ विकेट से हरा दिया।

इस जीत के साथ आस्ट्रेलिया ने दो मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त प्राप्त कर ली है।

दूसरी पारी में कैरेबियाई टीम के 216 रनों पर सिमट जाने के बाद आस्ट्रेलिया को जीत के लिए 47 रनों का लक्ष्य मिला जिसे उसने सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर (28) का विकेट खोकर हासिल कर लिया।

अपना पहले टेस्ट में ही शतकीय पारी खेलने वाले आस्ट्रेलियाई बल्लेबाज एडम वोग्स को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। वोग्स की बदौलत आस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज द्वारा पहली पारी में बनाए 148 रनों के जवाब में 318 रन बनाए और 170 रनों की बड़ी बढ़त हासिल करने में कामयाब रहा।

बहरहाल, मैच के तीसरे दिन दूसरी पारी में दो विकेट के नुकसान पर 25 रनों से आगे खेलने उतरी कैरेबियाई टीम के लिए शेन डॉवरिक (70) और मार्लन सैमुअल्स (74) ने महत्वपूर्ण पारियां खेली।

दोनों ने चौथे विकेट के लिए 144 रनों की साझेदारी की। मेजबान टीम एक समय तीन विकेट के नुकसान पर 181 रनों के साथ मजबूत स्थिति में नजर आ रही थी लेकिन जोस हाजेलवुड ने चायकाल से नौ मिनट पहले डॉवरिक को पवेलियन भेज आस्ट्रेलिया के लिए रास्ते खोल दिए।

वेस्टइंडीज ने आखिरी सात विकेट केवल 35 रन जोड़कर गंवा दिए। डॉवरिक ने 185 गेंदों का सामना किया और पांच चौके तथा एक छक्का लगाया। वहीं, सैमुअल्स ने 184 गेंदों की पारी में सात चौके और एक छक्का लगाया।

आस्ट्रेलिया की ओर से स्टार्क के अलावा मिशेल जानसन, जोस हाजेलवुड और नेथन ल्योन को दो-दो विकेट मिले।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493