मॉस्को, 29 मई (आईएएनएस)। रूसी ओलम्पिक समिति (आरओसी) ने इस बात की पुष्टि की है कि 2012 के लंदन ओलम्पिक खेलों में हिस्सा लेने वाले रूस के आठ एथलीट डोपिंग की दोबारा की गई जांच में असफल हुए हैं।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक समिति (आईओसी) ने आरओसी को आधिकारिक रूप से यह जानकारी दी है कि लंदन में हुए 2012 ओलम्पिक खेलों के दौरान तीन खेल प्रारूपों में देश के आठ एथलीटों के ए-नमूनों की फिर से की गई जांच के परिणाम पॉजिटिव आए हैं।
आरओसी जल्द ही आईओसी को उन एथलीटों की सूची के बारे में सूचित करेगा, जो अपने बी-नमूनों की जांच के दौरान मौजूद रहेंगे। इस जांच प्रक्रिया के दौरान देश की ओलम्पिक समिति के प्रतिनिधि भी उपस्थित होंगे।
आरओसी के अनुसार, इन एथलीटों के बी-नमूनों की जांच के परिणामों से पहले उनके नाम सार्वजनिक रूप से जारी नहीं किए जाएंगे।
आईओसी के शुक्रवार को जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, 2012 ओलम्पिक खेलों से एकत्रित किए गए 265 डोपिंग नमूनों को पुन: जांच के लिए चुना गया है और यह अब भी जारी है। आगामी सप्ताहों में और भी नतीजे आ सकते हैं।
आईओसी ने मंगलवार को कहा कि 2008 बीजिंग ओलम्पिक खेलों से चुने गए 400 से अधिक नमूनों की पुन: जांच में छह खेल प्रारूपों के 31 एथलीटों के जांच परिणाम पॉजिटिव आए थे, जिसमें रूस के 14 एथलीट शामिल थे।
आईओसी के कार्यकारी बोर्ड ने सर्वसम्मिति से इस मामले में तुरंत कार्यवाही के लिए हामी भर दी है और डोपिंग में शामिल एथलीटों को रियो डी जेनेरियो में होने वाले ओलम्पिक खेलों से प्रतिबंधित किया जा सकता है।
इस वर्ष रियो डी जेनेरियो में ओलम्पिक खेलों का आयोजन पांच से 21 अगस्त तक होगा।
dharmpath.com dharmpath