लंदन, 7 दिसंबर (आईएएनएस)। ब्रिटेन की आतंक-रोधी पुलिस ने पूर्वी लंदन में भूमिगत रेल सेवा ट्यूब के एक स्टेशन पर चाकू से हमले की घटना के मामले में पूर्वी लंदन के एक घर की तलाशी ली है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने कहा कि पुलिस के आतंकवाद-रोधी कमान के जांचकर्ता हमले की जांच कर रहे हैं, जिसमें शनिवार को एक व्यक्ति बुरी तरह जख्मी हो गया था।
पुलिस के मुताबिक, इस गतिविधि को आतंकवादी घटना माना जा रहा है।
पुलिस को शनिवार शाम कॉल करके कहा गया कि लेटोनस्टोन भूमिगत स्टेशन पर एक हथियारबंद व्यक्ति ने कई लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है और अभी वह हिरासत में है।
खबरों के मुताबिक, 29 वर्षीय एक हमलावर एक राहगीर को चाकू मारने से पहले चिल्ला रहा था ‘यह सीरिया के लिए है।’
एमईटी के आतंकवाद-रोधी कमान (एसओ15) की अगुवाई कर रहे कमांडर रिचर्ड वाल्टन ने कहा, “घटनास्थल पर मौजूद लोगों से मिली जानकारी और आतंकवाद-रोधी कमान (एसओ15) द्वारा की गई जांच के आधार पर मैं इस गतिविधि को आतंकवादी घटना मान रहा हूं।”
वॉल्टन ने कहा, “मैं लोगों से शांत, लेकिन सतर्क रहने का आग्रह करता हूं। आतंकवाद से गंभीर खतरा बना हुआ है। इसका अर्थ यह है कि आतंकवादी हमले की संभावना काफी ज्यादा है।”
पुलिस ने गवाहों को आगे आकर जांचकर्ताओं के साथ वीडियो फुटेज शेयर करने का आग्रह किया है।
dharmpath.com dharmpath