लंदन में उबेर के समर्थन में हजारों लोगों ने किए हस्ताक्षर

लंदन, 23 सितम्बर (आईएएनएस)। ब्रिटेन में ट्रांसपोर्ट फॉर लंदन (टीएफएल) विभाग द्वारा एप आधारित कैब सर्विस प्रदाता उबेर के लाइंसेस का नवीनीकरण नहीं करने के निर्णय को बदलने के पक्ष में करीब चार लाख लोगों ने एक याचिका पर हस्ताक्षर किए।

बीबीसी की शनिवार की रपट के अनुसार, “टीएफएल ने शुक्रवार को कहा था कि ‘लोगों की सलामती और सुरक्षा मापदंडों’ के आधार पर उबेर लंदन प्राइवेट ऑपरेटर लाइसेंस पाने के लिए ‘उपयुक्त और सही’ नहीं है।

उबेर कंपनी ने कहा है कि वह इस फैसले के खिलाफ अपील करेगी।

उबेर लंदन ने याचिका की शुरुआत की है और कहा है, “अगर यह निर्णय लागू होता है, तो इससे 40,000 लाइसेंसधारी ड्राइवर बेरोजगार हो जाएंगे और लाखों लंदनवासी आसान और सस्ती यातायात सुविधा से वंचित हो जाएंगे।”

उबेर लंदन का लाइसेंस 30 सितम्बर को समाप्त होने वाला है। टीएफएल के विरुद्ध अपील करने के लिए उबेर के पास 21 दिन का समय है। टीएफएल की चिंता चालकों की पृष्ठभूमि की जानकारी हासिल करने और गंभीर अपराधों की जानकारी देने के बारे में उबेर के रुख को लेकर है।

लंदन के एक याचिकाकर्ता ने बीबीसी को बताया कि उसने हस्ताक्षर इसलिए किया क्योंकि उबेर बेहद जरूरी मिनीकैब्स और ब्लैककैब्स का विकल्प उपलब्ध कराती है। यह अन्य विकल्पों की तुलना में ज्यादा सस्ता, सुरक्षित और सुविधाजनक है।

एक ट्विटर प्रयोगकर्ता ने कहा कि वह इस निर्णय से दुखी है क्योंकि अगर वह रात में बाहर होती है तो उबेर उसे असुविधाजनक स्थिति से बाहर निकालती है।

लंदन में लगभग 35 लाख लोग और 40,000 वाहन चालक उबेर एप का प्रयोग करते हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493