नैरोबी, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। विश्व के सबसे तेज मैराथन धावक केन्या के विल्सन किप्सांग और डेनिस किमेटो ने अगस्त में बीजिंग में होने वाले विश्व मैराथन चैम्पियनशिप में हिस्सा लेने की पुष्टि कर दी है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार लंदन मैराथन चैम्पियन एलियुड किपकोगे ने हालांकि मंगलवार को कहा कि वह विश्व चैम्पियनशिप में हिस्सा लेने का फैसला प्रबंधन के साथ विचार-विमर्श करने के बाद ही लेंगे।
किपकोगे ने कहा, “मुझे अपने प्रदर्शन का मूल्यांकन करने के लिए थोड़ा समय चाहिए। इसके बाद मैं अपने कोच से बीजिंग विश्व चैम्पियनशिप में हिस्सा लेने के बारे में कोई फैसला करूंगा। मैं इसमें हिस्सा लेना चाहता हूं, लेकिन इसका निर्णय सिर्फ मुझ पर निर्भर नहीं है।”
लंदन मैराथन में पुरुष वर्ग में दूसरा स्थान प्राप्त करने वाले किप्सांग ने कहा, “मैं अपने देश के लिए जरूर दौड़ना चाहूंगा। मैं बीजिंग में दौड़ना चाहता हूं।”
विश्व मैराथन चैम्पियनशिप के रिकार्डधारी डेनिस किमेटो (2.02.57) ने कहा कि लंदन मैराथन में मौसम ने उनके प्रदर्शन पर प्रतिकूल असर डाला लेकिन वह विश्व चैम्पियनशिप में हिस्सा लेने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।
किमेटो के अनुसार वह फिलहाल विश्व चैम्पियनशिप के लिए टीम में खुद के चुने जाने का इंतजार कर रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath