लोनावला, 6 सितंबर (आईएएनएस)। अभिनेता पंकज त्रिपाठी ने यहां अपने फिल्म ‘लाइफ बिरयानी’ का लोनावाला इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल इंडिया (एलआईएफएफआई) में प्रीमियर देखा। उनका कहना है कि उन्होंने इसमें कुछ खामियां पाईं, जिसे वह निर्देशक से साझा करेंगे।
इस फिल्म के निर्माता शैलेश ठाकुर हैं, जबकि विवेक श्रीवास्तव ने इसे निर्देशित किया है। इसमें अभिनेता के रूप में रोहित चौधरी, पुनीत वशिष्ठ और पार्थ सारथी हैं।
एलआईएफएफआई में पंकज ने पहली बार अपनी फिल्म ‘लाइफ बिरयानी’ देखी।
इसके बारे में बात करते हुए पंकज ने आईएएनएस को बताया, “‘लाइफ बिरयानी’ ऋषिकेश मुखर्जी की फिल्मों की तरह एक व्यंग्य फिल्म है। यह भोजन पर बनाई गई कॉमेडी फिल्म है, जिसमें चार लोग भोजन के लिए जाते हैं और वह कैसे फंस जाते हैं? इसे दिखाया गया है।”
उन्होंने कहा, “मैंने एलआईएफएफआइ में पहली बार फिल्म देखी और मैंने इसमें कुछ खामियां पाईं। मैं इसके बारे में निर्देशक से बात करूंगा, विशेषकर फिल्म की लंबाई को कम करने के लिए।”
लोनावला के खूबसूरत मौसम का लुत्फ उठा रहे पंकज ने कहा, “यहां का मौसम बेहद प्यारा है। यहां हल्की ठंड है, बारिश है और चारों ओर हरियाली फैली है। इस मौसम में, आपको कंबल ओढ़कर फिल्म देखने का मजा लेना चाहिए।”
लोनावाला इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल इंडिया (एलआईएफएफआई) पहली सितंबर को शुरू हुआ था, जिसका समापन सोमवार, पांच सितंबर को हो रहा है।
dharmpath.com dharmpath