लीसेस्टर की तरह ही और भी अप्रत्याशित नतीजे आएंगे : वेंगर

लंदन, 8 मई (आईएएनएस)। इंग्लिश फुटबाल क्लब आर्सेनल के कोच आर्सेन वेंगर ने कहा है कि इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) के छोटे क्लबों में लीसेस्टर सिटी जैसा प्रदर्शन करने की क्षमता है।

महज साल भर पहले सबसे निचले पायदान पर पहुंचने वाली लीसेस्टर सिटी की टीम ने अकल्पनीय खेल दिखाते हुए दो मैच शेष रहते ही ईपीएल के खिताब पर कब्जा जमा लिया है।

गोल डॉट कॉम ने रविवार को वेंगर के हवाले से लिखा, “सत्र की शुरुआत में चलिए। पहला अनुमान था कि चेल्सी इस बार खिताब हासिल करेगी। दूसरा था कि मैनचेस्टर युनाइचेड को जीत मिलेगी। अंत में कोई पंडित अगर कहता कि लीसेस्टर खिताब जीतेगी तो उससे कहा जाता, ‘यह काम छोड़कर कुछ और कीजिए।’ यह दोबार भी हो सकता है।”

उन्होंने कहा, “हो सकता है कि अगले सत्र में ऐसी टीम आए जिसकी किसी ने उम्मीद नहीं की हो और वो खिताब अपने नाम कर ले। सभी इंग्लिश क्लबों पर अब पैसा लगाया जा सकता है।”

वेंगर ने कहा कि लीसेस्टर कहीं से भी कमजोर क्लब नहीं है लेकिन कम संसाधनों में उन्होंने शानदार काम कर दिखाया है।

उन्होंने कहा, “अगले कुछ सालों में इंग्लैंड में प्रतिभा कहीं और के मुकाबले ज्यादा व्यापक हो जाएगी। आपको ऐसे अप्रत्याशित नतीजे और देखने को मिल सकते हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493