लंदन, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) क्लब लीसेस्टर सिटी ने अपने मुख्य कोच क्रेग शेक्सपियर को बर्खास्त कर दिया है।
चार माह पहले ही क्रेग ने क्लब के साथ तीन साल के करार पर हस्ताक्षर किए थे।
समाचार एजेंसी एफे की रिपोर्ट के अनुसार, शेक्सपियर प्राथमिक रूप से आठ माह पहले इटली के क्लॉडियो रानिएरी के स्थान पर लीसेस्टर क्लब के कोच बने थे और चार माह बाद उन्होंने क्लब के साथ तीन साल के नए करार पर हस्ताक्षर किए थे।
उल्लेखनीय है कि रानिएरी के साथ लीसेस्टर क्लब ने 2015-2016 सीजन का प्रीमियर लीग खिताब जीता था।
क्लब उपाध्यक्ष अयावत श्रीवधनाप्रभा ने कहा, “क्रेग ने कोच बने रहने के दौरान क्लब के लिए अच्छा काम किया। वह पहले क्लब के सहायक कोच थे और फरवरी में उन्हें मुख्य कोच के रूप में नियुक्त किया गया था। क्लब के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और योगदान बेहतरीन रहा है और लीसेस्टर के इतिहास में उनका काम उल्लेखनीय रहा। लेकिन, क्रेग के प्रबंधन में जैसा हमने सोचा था, वैसा नहीं हुआ। ऐसे में क्लब ने महसूस किया कि यह साथ आगे नहीं बढ़ पाएगा। समर्थकों, बोर्ड और मालिकों की दीर्घकालिक इच्छाओं के मद्देनजर बदलाव की जरूरत है।”
प्रीमियर लीग में वेस्ट ब्रोमविक के खिलाफ खेला गया मैच 1-1 से ड्रॉ होने के बाद शेक्सपियर को कोच पद से हटाया गया है।
इन आठ माह के दौरान शेक्सपियर के नेतृत्व में लीसेस्टर ने कुल 26 मैच खेले, जिसमें से 11 में उसने जीत हासिल की, छह मैच ड्रॉ रहे और नौ मैच क्लब ने हारे। लेकिन, मौजूदा सत्र में लीसेस्टर सिटी ने केवल एक मैच जीता है।
dharmpath.com dharmpath