लेक्मे फैशन वीक में रैंप वॉक करती करीना हुईं भावुक

मुंबई, 29 अगस्त (आईएएनएस)। दिसंबर में मां बनने जा रही अभिनेत्री करीना कपूर खान के लिए इस बार लेक्मे फैशन वीक (एलएफडब्ल्यू) विंटर/फेस्टिव 2016 में रैंप वॉक करना बेहद खास अनुभव रहा। करीना ने कहा कि यह उनके लिए बेहद भावनात्मक लम्हा रहा।

डिजाइनर सब्यसाची मुखर्जी की शॉस्टापर बनीं करीना अपने बेबी बंप के साथ गर्व से रैंप पर चलती नजर आईं।

करीना ने शो के फिनाले के बाद संवाददाताओं से कहा, “हर किसी ने इस संस्करण को मेरे लिए खास बना दिया है। मेरे लिए यह बेहद भावनात्मक क्षण है, क्योंकि यह पहली बार है, जब हमने (करीना और उनकी भावी संतान) एक साथ रैंप वॉक किया। यह लम्हा याद रहेगा।”

करीना ने साथ ही कहा कि उनकी गर्भावस्था उनके लिए किसी भी काम में कोई बाधा नहीं बन सकती।

उन्होंने कहा, “मैं बेहद खुश और आत्मविश्वास महसूस कर रही थी। गर्भवती महिलाएं चल सकती हैं और उड़ भी सकती हैं। मेरे लिए यह एकदम सामान्य है। काम के मामले में अभिनय मेरा जुनून है और मैं जब तक जीवित रहूंगी, तब तक काम करती रहूंगी।”

सब्यसाची ने करीना के बारे में कहा कि उन्हें उनके साथ काम करने का कभी मौका नहीं मिला, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही वह उनके लिए डिजाइन करेंगे।

सब्यसाची ने कहा, “वह बेहद आकर्षक हैं। उन्होंने परिधान को और भी खूबसूरत बना दिया। मुझे उम्मीद है कि यहां से हमारा साथ आगे भी जारी रहेगा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493