मेड्रिड, 3 जनवरी (आईएएनएस)। अग्रणी स्पेनिश फुटबाल क्लब एटलेटिको मेड्रिड ने ला लीगा के मुकाबले में घाना के अपने मिडफील्डर थॉमस के गोल की बदौलत लेवांते को 1-0 से हरा दिया और अंकतालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।
समाचार एजेंसी एफे के अनुसार, थॉमस ने यह गोल मैच के 81वे मिनट में किया।
शनिवार की रात विसेंट कैलडेरोन स्टेडियम में हुआ यह मैच शुरू में एकतरफा सा लग रहा था, क्योंकि एटलेटिको जहां अंकतालिका में दूसरे स्थान पर था, वहीं लेवांते सबसे निचले पायदान पर थी।
एटलेटिको ने मैच के दौरान मैदान पर अपना दबदबा बनाए रखा, लेकिन लेवांते की मजबूत रक्षापंक्ति के आगे उनकी एक नहीं चली।
एटलेटिको को अंतत: स्थानापन्न के तौर पर उतरे मिडफील्डर थॉमस ने मैच समाप्त होने से 10 मिनट पहले बढ़त दिलाई।
थॉमस 72वें मिनट में मैदान पर उतरे और लेवांते को डिफेंडरों को छकाते हुए दमदार शॉट लगाया जिसे रोकने के प्रयास में गोलकीपर डिएगो मारिनो रोकने के प्रयास में गोललाइन के अंदर चले गए।
एटलेटिको के मैच से थोड़ी देर पहले ही हुए ला लीगा के एक अन्य मुकाबले में शीर्षस्थ बार्सिलोना को एस्पानियोल के हाथों ड्रॉ खेलना पड़ा, जिससे एटलेटिको के पास शीर्ष पर पहुंचने का मौका मिल गया।
एटलेटिको के मुख्य कोच डिएगो सिमवन ने मैच के बाद कहा, “एक बार फिर हमें स्थानापन्न खिलाड़ी ने जीत दिलाई। थॉमस ऐसे खिलाड़ी हैं जो टीम को तेजी प्रदान करते हैं।”
इस जीत के साथ एटलेटिको 41 अंक हासिल कर शीर्ष पर पहुंच गया, जबकि बार्सिलोना उनसे दो अंक पीछे दूसरे स्थान पर खिसक गया। रियल मेड्रिड तीसरे स्थान पर है।
dharmpath.com dharmpath