नई दिल्ली, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। आगामी फिल्म ‘वजह तुम हो’ की रिलीज की तैयारी में जुटे बॉलीवुड अभिनेता गुरमीत चौधरी को नहीं लगता कि इसमें अन्य कलाकारों की वजह से उनकी भूमिका निष्प्रभावी हो जाएगी।
विशाल पांड्या निर्देशित फिल्म ‘वजह तुम हो’ में शरमन जोशी, रजनीश दुग्गल तथा सना खान भी हैं।
यह पूछे जाने पर क्या उन्हें लगता है कि फिल्म अन्य कलाकारों की वजह से उनकी भूमिका निष्प्रभावी हो जाएगी, गुरमीत ने आईएएनएस से कहा, “नहीं। जब आप फिल्म देखते हैं, तो आपकी नजर कहानी व चरित्र और किस प्रकार वे प्रतिक्रिया करते हैं, इस पर होती है। फिल्म संयुक्त प्रयास से बनती है।”
सह अभिनेता शरमन जोशी के बारे में उन्होंने कहा, “शरमन बॉलीवुड के बेहतरीन कलाकारों में से हैं और हम दोनों ने मिलकर काम किया है और अपने काम से संतुष्ट हैं।”
फिल्म ‘वजह तुम हो’ सिनेमाघरों में दो दिसंबर को रिलीज हो रही है। साल 2015 में रिलीज फिल्म ‘खामोशियां’ के बाद गुरमीत की यह दूसरी फिल्म है।
भविष्य की योजना के बारे में पूछे जाने पर गुरमीत ने कहा, “वर्तमान में मैं दो पटकथाएं पढ़ रहा हूं। मैं इसपर जल्द ही फैसला लूंगा।”
dharmpath.com dharmpath