वर्मालेन के चोटिल होने से मुश्किल में बार्सिलोना

मेड्रिड, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। चिर प्रतिद्वंद्वी रियल मेड्रिड के खिलाफ होने वाले स्पेनिश लीग के अहम मुकाबले से दो सप्ताह पहले डिफेंडर थॉमस वर्मालेन के चोटिल होने से एफसी बार्सिलोना के कोच एर्नेस्तो वेलवेर्दे की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, 32 वर्षीय डिफेंडर को अपने देश बेल्जियम की ओर से खेलते समय शुक्रवार को दाएं पैर में चोट लग गई थी। वह स्विट्जरलैंड के खिलाफ मैदान में उतरे थे।

वर्मालेन का चोटिल होना बार्सिलोना के लिए इसलिए भी बड़ा झटका है क्योंकि रियल से पहले उसे दो मुकाबले और खेलने हैं। बार्सिलोना का सामना स्पेनिश लीग की तालिका में शीर्ष पर मौजूद क्लब सेविला और चैम्पियंस लीग में इटली के क्लब इंटर मिलान से होगा।

बेल्जियम के खिलाड़ी के चोटिल होने के कारण वेलवेर्दे के पास केवल दो फिट डिफेंडर बचे हैं, जेरार्ड पीके और क्लेमेंट लेंगेट। फ्रांस के सैमुअल उमतीती भी चोट के कारण मैदान से बाहर हैं।

पिछले चार लीग मुकाबलों में बार्सिलोना केवल तीन अंक अर्जित करने में कामयाब हो पाया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493