सिंगापुर, 14 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय गोल्फ खिलाड़ी एस. चिक्का शनिवार को वर्ल्ड क्लासिक चैम्पियनशिप में तीसरे दौर के बाद संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर पहुंच गए।
एशियन टूर में अपनी पहली जीत का इंतजार कर रहे चिक्का ने 750,000 डॉलर इनामी राशि वाले टूर्नामेंट के तीसरे दौर में चार अंडर 67 का स्कोर हासिल किया।
थाईलैंड के दांथाई मूनमा और अमेरिका के बेरी हेंसन भी चिक्का के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
बेंगलुरू के चिक्का दूसरे दौर के बाद संयुक्त रूप से सातवें स्थान पर थे और अब तीसरे दौर के बाद उनका ओवरऑल स्कोर 213 हो गया है।
मलेशिया के निकोलस फंग और बांग्लादेश के सिद्दिकुर रहमान संयुक्त रूप से शीर्ष पर बने हुए हैं।
टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाले अन्य भारतीय खिलाड़ियों में ज्योति रंधावा ने भी तीसरे दौर में बेहतरीन प्रदर्शन किया और तीन अंडर 68 का स्कोर करते हुए संयुक्त रूप से चौथा स्थान हासिल किया।
खलिन जोशी 217 के ओवरऑल स्कोर के साथ संयुक्त रूप से छठे स्थान पर हैं।
तीसरे दौर की समाप्ति के बाद चिक्का ने कहा, “हर दिन मेरे स्कोर में सुधार हो रहा है, जो अच्छी बात है। मैं अपने खेल को लेकर आत्मविश्वास से भरा हुआ हूं और मैं अच्छा खेल रहा हूं। पहले राउंड में सही पुट हासिल नहीं कर पा रहा था, यहां तक कि दूसरे दौर में भी मुझे परेशानी हुई।”
उन्होंने कहा, “मैं पिछले सप्ताह भी अच्छा खेला था, हालांकि आखिरी के कुछ होल पर मैं चूक गया था। अब लेकिन जिस तरह चीजें चल रही हैं उससे मेरा मनोबल बढ़ा है।”
dharmpath.com dharmpath