रोहतक, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय मुक्केबाजी महासंघ (बीएफआई) द्वारा समर्थित इंडियन टाइगर्स टीम ने रविवार को वल्र्ड सीरीज बॉक्सिंग (डब्ल्यूएसबी) में लगातार दूसरी जीत दर्ज की।
इंडियन टाइगर्स ने शनिवार को रूस की पेट्रियाट बाक्सिंग टीम (पीबीटी) को 3-2 से हराते हुए इस सीजन की पहली जीत दर्ज की थी और अब उसने चीन की टीम-चाइना ड्रैगन्स को 4-1 से हरा दिया। मोहम्मद इतास खान ने दूसरी बाउट जीतते हुए इंडियन टाइगर्स को 3-1 की अजेय बढ़त दिला दी थी और हरियाणा के ही मंदीप जांगरा ने चौथी बाउट में आसान जीत के साथ 4-1 से मेजबान टीम की जीत तय कर दी।
नेशनल बाक्सिंग अकादमी में दो वेट कटेगरी में वाकओवर मिलने के कारण भारत ने 2-0 की बढ़त के साथ इस मुकाबले की शुरुआत की। लेकिन विशाखापट्टनम के युवा मुक्केबाज श्याम कुमार काकारा को वू झोंगलिन के खिलाफ 1-2 से हार का सामना करना पड़ा। अस्ताना अरलैंस के खिलाफ 21 साल के काकारा जोरदार संघर्ष के बाद अपना मैच 1-2 से हार गए थे।
अब भारत को जीत दिलाने की जिम्मेदारी मणिपुर के 19 साल के मोहम्मद इतास खान पर थी। इतास ने प्रशंसकों को निराश नहीं किया और यह मुकाबला 2-1 से जीत लिया। इतास रिंग पर आते ही जू बाजियांग पर टूट पड़े और तीनों जजों को प्रभावित करने में सफल रहे लेकिन इसके बाद चीनी मुक्केबाज ने जोरदार वापसी की और सटीक रणनीति के दम पर लगभग बराबरी पर आ गया।
दूसरे राउंड में भी इतास को बढ़त प्राप्त थी लेकिन तीसरे और चौथे राउंड में चीनी मुक्केबाज ने बाजी मार ली। पांचवां राउंड इतास के लिए अच्छा नहीं रहा। उनके हुक्स और जैब्स खाली जाते रहे जबकि चीनी मुक्केबाज ने अपेक्षाकृत अधिक सफलता हासिल की लेकिन तीनों रेफरियों में से दो ने इतास को बेहतर करार दिया। इतास ने यह मुकाबला 47-48, 48-47, 49-45 के अंतर से जीता।
तीसरे बाउट में इंडियन टाइगर्स को वाकओवर मिला। इंडियन टाइगर्स के रोहित टोकस को लाइट वेल्टर वेट कटेगरी में क्वी शेंगझी के खिलाफ वाकओवर मिला। इसके बाद 2014 राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतने वाले हरियाणा के मंदीप जांगरा ने मिडिलवेट में वुलेपाएर हेरहेंग को 3-0 से हराते हुए भारत की जीत तय कर दी। मंजीत ने यह मुकाबला 49-45, 49-45, 49-45 के अंतर से जीता।
अंतिम बाउट सुपर हेवीवेट कटेगरी में था। इसमें संजीत को वाकओवर मिला। चीनी टीम ने संजीत के साथ भिड़ने वाले मुक्केबाज के नाम की घोषणा नहीं की। इस तरह संजीत बिना खेले ही विजेता बने। टाइगर्स के पांच मैचों के बाद दो जीत और तीन हार के साथ कुल आठ अंक हो गए हैं जबकि चाइना ड्रैगन्स का खाता नहीं खुला है।
dharmpath.com dharmpath