भोपाल-राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया के नाम से जुड़े कथित फर्जी पत्र के मामले ने मध्यप्रदेश और राजस्थान की सियासत को गरमा दिया है। इस मामले में राजस्थान पुलिस ने भोपाल से कांग्रेस आईटी सेल के तीन कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। इसे लेकर विवाद गहरा गया है। कांग्रेस ने इस कार्रवाई को अलोकतांत्रिक बताते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया है और आरोप लगाया है कि असहमति की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने इसे कानून और लोकतंत्र दोनों के खिलाफ करार दिया है।
दरअसल, राजस्थान पुलिस ने भोपाल पहुंचकर कांग्रेस आईटी सेल के तीन कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। इस कार्रवाई के बाद कांग्रेस संगठन में नाराजगी फैल गई। कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस का एक प्रतिनिधि मंडल भोपाल के एमपी नगर थाने पहुंचा और पुलिस कार्रवाई पर सवाल खड़े किए। नेताओं का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल सामग्री को लेकर चुनिंदा लोगों को निशाना बनाना न सिर्फ अनुचित है, बल्कि कानून की भावना के भी खिलाफ है।
dharmpath.com dharmpath