लॉस एंजेलिस, 9 मार्च (आईएएनएस)। लोकप्रिय हॉलीवुड फिल्म श्रृंखला ‘हैरी पॉटर’ में हरमाइनी ग्रैजर की भूमिका निभाने वाली अभिनेत्री एमा वाटसन उस वक्त बेहद घबरा गईं, जब एक फर्जी वेबसाइट ने उनकी निर्वस्त्र तस्वीरें ऑनलाइन सार्वजनिक करने की धमकी दी।
वेबसाइट ‘डेलीमेल डॉट को डॉट यूके’ के अनुसार अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आठ मार्च को लंदन स्थित फेसबुक कार्यालय में वाटसन ने कहा कि उन्हें यह धमकी तब मिली जब उन्होंने महिला अधिकारों पर संयुक्त राष्ट्र में भाषण दिया था।
वाटसन संयुक्त राष्ट्र महिला की गुडविल एंबेसडर हैं।
वाटसन ने बताया, “संयुक्त राष्ट्र में भाषण देने के बाद एक वेबसाइट ने मेरी निर्वस्त्र तस्वीरें सार्वजनिक करने की धमकी दी। मुझे पता है कि सिर्फ मुझे डराने के लिए था, क्योंकि ऐसी तस्वीरें हैं ही नहीं।”
उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि मेरे आसपास बहुत से लोग हैं, जो लैंगिक समानता को लेकर जागरूक हैं, लेकिन मैंने इस बात को बड़ा मुद्दा नहीं बनाया। वैसे भी यह बीती बात है।”
dharmpath.com dharmpath