मेड्रिड, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। स्पेनिश फुटबाल क्लब रियल मेड्रिड के सुपरस्टार क्रिस्टीयानो रोनाल्डो ने कहा है कि उनकी टीम चैम्पियंस लीग मुकाबले में वूल्फ्सबर्ग के खिलाफ वापसी करेगी।
जर्मनी में खेले गए चैम्पियंस लीग क्वार्टर फाइनल के पहले चरण के मुकाबले में रियल को वूल्फ्सबर्ग के हाथों 0-2 से हार मिली थी। दूसरे चरण का मुकाबला मंगलवार को यहां खेला जाना है।
रोनाल्डो ने प्रशंसकों के नाम भेजे एक संदेश में कहा, “मंगलवार की रात हमारे लिए उपयुक्त रात होगी। आपके समर्थन और सहयोग से हम यह मैच जीतकर अगले दौर में प्रवेश करेंगे। टीम का आत्मविश्वास बना हुआ है और कोच तथा प्रशंसकों को हम पर यकीन है। मंगलवार की रात हमारे लिए जादुई रात होगी।”
रोनाल्डो ने कहा कि वह अपनी टीम को आगे ले जाने का पूरा प्रयास करेंगे और यह कोशिश करेंगे कि वह तथा उनके साथी खुशी से मैदान के बाहर आएं।
dharmpath.com dharmpath