रोम, 17 मई (आईएएनएस)। विश्व के दूसरे वरीयता प्राप्त स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर हमवतन स्टानिस्लास वावरिका को हराकर इटेलियन ओपन के पुरुष एकल वर्ग में फाइनल में पहुंच गए हैं।
फोरो इटेलिको कोर्ट पर हुए इस मुकाबले में फेडरर ने वावरिंका को 6-4, 6-2 से हराया। इस कोर्ट पर फेडरर का रिकार्ड पूर्व में भी काफी अच्छा रहा है और उन्होंने यहां खेले 17 मैचों में से 15 में जीत हासिल की है।
क्वार्टर फाइनल में स्पेन के राफेल नडाल के खिलाफ शानदार खेल का प्रदर्शन करने वाले वावरिंका इस मैच की शुरुआत में अच्छी लय में दिखे। पहले सेट में हालांकि दो बार फेडरर द्वारा उनका सर्विस तोड़े जाने के बाद वावरिंका अपनी लय पूरी तरह से खो बैठे।
फेडरर अब फाइनल में रविवार को विश्व के शीर्ष वरीय खिलाड़ी सर्बिया के नोवाक जोकोविक से भिड़ेंगे। दोनों खिलाड़ियों के बीच हुए पूर्व में हुए मुकाबलों में फेडरर 20 जबकि जोकोविक 18 बार विजयी रहे हैं।
ग्रैंडस्लैम खिताब 17 बार जीत चुके फेडरर अगर यहां जीत हासिल करते हैं तो इस सत्र का यह उनका चौथा खिताब होगा।
जोकोविक स्पेन के डेविड फेरर को हराकर फाइनल में पहुंचे हैं।
दूसरी ओर, महिला एकल वर्ग में तीसरी वरीय रूस की मारिया शारापोवा और और 10वीं वरीय स्पेन की कार्ला सुआरेज नावारो फाइनल में पहुंचने में कामयाब हुई हैं।
dharmpath.com dharmpath