वाशिंगटन मॉल गोलीबारी में 5 की मौत

वाशिंगटन, 25 सितम्बर (आईएएनएस)। अमेरिका के वाशिंगटन के एक मॉल में शुक्रवार रात को हुई गोलीबारी में मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है।

पुलिस ने शनिवार को बताया कि गंभीर रूप से घायल एक शख्स के दम तोड़ने के बाद यह संख्या बढ़कर पांच हुई है।

वाशिंगटन स्टेट पैट्रोल के प्रवक्ता सार्जेट मार्क फ्रांसिस ने ट्वीट कर बताया कि इस घटना में गंभीर रूप से घायल हुए शख्स की मौत हो गई है।

समाचार एजेंसी एफे ने पुलिस के हवाले से बताया कि शुक्रवार रात को लगभग सात बजे एक शख्स राइफल लिए बर्लिगटन के कास्केड मॉल के मेसी स्टोर में पहुंचा जहां उसने अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दी जिसमें चार महिलाओं की मौत हो गई जबकि एक शख्स घायल हो गया।

घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गया।

फ्रांसिस ने बताया कि हमलावर हमले के बाद उत्तर की ओर अंतर्राज्यीय पांच मार्ग की ओर भाग गया।

सीसीटीवी कैमरे में हमलावर की तस्वीर कैद हो गई है। वह एक दुबले-पतला, नाटे कद का शख्स है जिसके काले रंग के बाल हैं और उसके हाथ में राइफल है।

पुलिस ने कहना है कि एक अकेले शख्स ने ही इस घटना को अंजाम दिया है।

हमलावर की शिनाख्त के लिए इस वीडियो को सार्वजनिक कर दिया गया है।

प्रशासन ने मृतकों के नाम उजागर नहीं किए हैं। उनका कहना है कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने तक नाम उजागर नहीं किए जाएंगे।

एफबीआई का कहना है कि इस हमले में उन्हें आतंकवाद के संकेत नहीं मिले हैं। हालांकि, जांच अभी प्राथमिक चरण में है और अभी तक किसी भी संदिग्ध की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493