विक्रमसिंघे ने भारतीय मछुआरों पर गोलीबारी को जायज ठहराया (लीड-1)

कोलंबो/नई दिल्ली, 7 मार्च (आईएएनएस)। भारत और श्रीलंका एक तरफ जहां कूटनीतिक संबंधों में घनिष्ठता लाने के लिए वार्ता कर रहे हैं, वहीं दोनों देशों के बीच लंबे समय से विवादित मछुआरों का मुद्दा सतह पर आ गया है। भारतीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज द्विपक्षीय संबंधों को मजबूती देने के लिए जहां कोलंबो में हैं, वहीं प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे ने श्रीलंका जल क्षेत्र में जाने वाले भारतीय मछुआरों पर गोलीबारी को जायज ठहराया है।

विक्रमसिंघे ने एक टेलीविजन चैनल से कहा कि उनके देश के कानून में प्रावधान है कि अगर कोई मेरे घर में घुसने की कोशिश करेगा तो उसे गोली मारी जा सकती है। भारतीय मछुआरों के श्रीलंका जल क्षेत्र में चले जाने के मुद्दे पर उन्होंने यह बात कही।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगले सप्ताह प्रस्तावित कोलंबो यात्रा का आधार तैयार करने पहुंचीं सुषमा ने शनिवार को अपने समकक्ष मंगला समरावीरा के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की। यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की 1987 के बाद पहली श्रीलंका यात्रा होगी।

गौरतलब है कि विक्रमसिंघे ने श्रीलंकाई नौसेना द्वारा भारतीय मछुआरों के खिलाफ उठाए गए कदम को न्यायसंगत करार देकर विवाद खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा था किश्रीलंका जल क्षेत्र में घुसने की कोशिश करने वाले शख्स को गोली मारने का प्रावधान कानून में मौजूद है।

चेन्नई स्थित थांती टीवी को दिए साक्षात्कार में विक्रमसिंघे ने कहा कि उनकी सरकार मछली पकड़ने से संबंधित अधिकार को लेकर भारत के साथ तर्कसंगत समझौता करना चाहती है।

श्रीलंका के प्रधानमंत्री ने कहा, “अगर कोई मेरे घर में घुसने की कोशिश करता है तो मैं उसे गोली मार सकता हूं। मछुआरों के मुद्दे पर जहां तक मेरा सवाल है, मेरा रुख बहुत स्पष्ट है। यह हमारा समुद्री क्षेत्र है। जाफना के मछुआरों को मछली पकड़ने की इजाजत दी जानी चाहिए। हम भारतीय मछुआरों को इस काम के लिए रोकेंगे। वे एक समझौता करना चाहते हैं। हम एक तर्कसंगत समझौता करें। लेकिन यह उत्तरी क्षेत्र के मछुआरों की आय की कीमत पर नहीं होगा।”

भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सैयद अकबरुद्दीन ने कहा कि दोनों पक्षों के बीच इस मुद्दे पर चर्चा होगी।

उन्होंने कहा, “भारत और श्रीलंका के बीच वार्ता जारी है। हम सुनिश्चित करना चाहते हैं कि भारत और श्रीलंका साथ काम करने में सक्षम हैं।”

विक्रमसिंघे ने कहा कि भारतीयों का श्रीलंकाई जल क्षेत्र में प्रवेश करना चिंता का विषय है, यदि भारतीय मछुआरे छोटी नौकाओं का इस्तेमाल करते हैं, तो उनका देश किसी निश्चित क्षेत्र में उन्हें मछली पकड़ने की इजाजत देने पर विचार कर सकता है।

उन्होंने कहा कि अब तक भारतीयों को श्रीलंकाई क्षेत्र में मछली पकड़ने की इजाजत नहीं दी गई है और जो भारतीय श्रीलंकाई जल क्षेत्र में अवैध रूप से घुसते हैं, उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

श्रीलंकाई मछुआरों द्वारा कथित तौर पर अगवा किए गए सात भारतीय मछुआरे शनिवार को तमिलनाडु लौट आए।

सुषमा ने शुक्रवार को श्रीलंकाई राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना से मुलाकात की, जिन्होंने यह सुनिश्चित किया कि उनकी सरकार भारत के साथ संबंध मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493