विजेंदर के कोच रख रहे हैं प्रतिद्वंद्वी पर नजरें

नई दिल्ली, 31 जुलाई (आईएएनएस)। आगामी शिनवार को मुंबई में डबल खिताब के लिए चीन के मुक्केबाज जुल्पीकार माईमाईतियाली से भिड़ने वाले भारत के विजेंदर सिंह के कोच ली बियर्ड उनके प्रतिद्वंद्वी पर नजरें बनाए हुए हैं।

इस मुकाबले में डब्ल्यूबीओ एशिया पैसिफिक सुपर मिडिलवेट चैम्पियन विजेंदर और डब्ल्यूबीओ ओरिएंटल सुपर मिडिलवेट चैम्पियन जुल्पीकार के मौजूदा खिताब दांव पर होंगे।

इस मुकाबले में जो खिलाड़ी जीतेगा वह अपने खिताब की रक्षा करेगा साथ ही अपने प्रतिद्वंद्वी के खिताब को भी अपने साथ ले जाएगा।

विजेंदर ने सोमवार को सीमेंट बनाने वाली कंपनी प्लेटिनियम हैवी ड्यूटी सीमेंट के साथ करार किया है। यह कंपनी विजेंदर के अगले मुकाबले ‘बैटलग्राउंड एशिया’ की भी टाइटल स्पांसर बनी है।

विजेंदर ने इस मौके पर पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि उन्होंने अपने चीनी प्रतिद्वंद्वी के वीडियो तो ज्यादा देखे नहीं है, लेकिन उनके कोच उन पर नजरें रखे हुए हैं।

उन्होंने कहा, “मुझे उनके बारे में ज्यादा नहीं मालूम, मैंने विकिपीडिया पर उनको सर्च किया था, लेकिन मिला नहीं। मैंने एक बार उनका वीडियो देखा था उसके बाद मैंने कोच को कहा कि आप उस पर ध्यान दें और मुझे बताएं, क्योंकि कोच जो बताएंगे वो जा कर मैं रिंग में करुंगा। मैंने नहीं देखा, लेकिन कोच ने देखा उस हिसाब से हमने तैयारी की है।”

विजेंदर ने अभी तक आठ पेशेवर मुकाबले खेले हैं जिनमें सभी में जीत हासिल की है और सात मुकाबले नॉकआउट में जीते हैं। विजेंदर से जब पूछा गया कि वह यह मुकबाल नॉक आउट करना चाहेंगे तो उन्होंने कहा, “मैं पूरी कोशिश करूंगा, देखते हैं क्या होता है।”

विजेंदर से जब पूछा गया कि वह कितने राउंड तक मुकाबला खत्म करना चाहेंगे, इस पर बड़ा रोचक जवाब देते हुए उन्होंने कहा, “मैं जल्दी करूंगा क्योंकि चाइनीज माल ज्यादा देर तक चलते नहीं हैं।”

विजेंदर के विपक्षी उनसे नौ साल छोटे हैं। उनसे जब पूछा गया कि क्या इसका लाभ चीन के खिलाड़ी को मिलेगा जो उम्र कम होने के कारण ज्यादा फुर्तीले हो सकते हैं?

इस पर विजेंदर ने कहा, “इसका कोई असर नहीं पड़ेगा। यह सिर्फ अनुभव की बात है। मैं अभी भी 20 साल का महसूस करता हूं।”

वहीं बीजिंग ओलम्पिक के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने वाले अखिल कुमार और जितेंद्र कुमार भी इस दौरान पेशेवर मुक्केबाजी में पदार्पण करेंगे। अखिल कुमार चार राउंड के अंडरकार्ट मुकाबले में उतरेंगे।

इन खिलाड़ियों को सलाह देते हुए विजेंदर ने कहा कि आप नई शुरुआत कर रहे तो अच्छे से करें और कड़ी मेहनत करें।

बीजिंग ओलम्पिक-2008 में कांस्य पदक जीतने वाले विजेंदर ने कहा, “मैं उनको यही कहना चाहूंगा कि आप जीरो से शुरू कर रहे हैं, एमेच्योर भूल जाएंगे लोग। आप दोबारा शुरुआत करें तो अच्छे से करें, मेहनत करें। आप का रिंग में कोई साथी नहीं होगा आप डॉन होंगे। मेहनत करें आपको सौ फीसदी सफलता मिलेगी।”

विजेंदर की एक प्रोमोटर कंपनी क्वींसबैरी ने हाल ही में उनके साथ करार खत्म कर लिया था, लेकिन विजेंदर ने कहा कि इस मुकाबले में क्वींसबैरी उनके साथ है।

उन्होंने कहा, “हम काम सभी के साथ करने को तैयार हैं चाहे ब्रिटेन का हो या अमेरिका का हो। इस मुकाबले में भी क्वींसबैरी के प्रोमोटर हमारे साथ हैं।”

विजेंदर इस समय गुड़गांव में डीएलएफ फेस-1 के रवींद्र नाथ टैगोर स्कूल में अभ्यास कर रहे हैं जहां उन्होंने एक रिंग बनाया हुआ है। उनका ध्यान इस समय वजन घटाने पर है।

वहीं बीजिंग ओलम्पिक के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने वाले अखिल कुमार और जितेंद्र कुमार भी इस दौरान पेशेवर मुक्केबाजी में पदार्पण करेंगे। अखिल कुमार चार राउंड के अंडरकार्ट मुकाबले में उतरेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493