गुड़गांव, 26 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय मुक्केबाज विजेंद्र सिंह ने यहां शनिवार को दिग्गज क्रिकेट खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर से मुलाकात की।
इस मुलाकात में दिग्गज मुक्केबाज ने उन्हें डब्ल्यूबीओ एशिया फाइट के लिए भी आमंत्रित किया।
डब्ल्यूबीओ एशिया फाइट का आयोजन 11 जून को नई दिल्ली में होगा। तेंदुलकर के प्रशंसकों में से एक विजेंद्र ने उन्हें मुलाकात के दौरान पेशेवर मुक्केबाजी के ढांचे और भविष्य से भी अवगत कराया।
विजेंद्र ने कहा, “तेंदुलकर के साथ मुलाकात किसी भी खिलाड़ी के लिए हमेशा से ही प्रेरक रही है। अपने व्यस्त कार्यक्रम से मेरे लिए समय निकालने के लिए मैं तेंदुलकर का बेहद आभारी हूं।”
दिग्गज मुक्केबाज ने आगे कहा, “मैंने उन्हें 11 जून को दिल्ली में होने वाली मेरी डब्ल्यूबीओ एशिया फाइट के लिए आमंत्रित किया है।”
विजेंद्र ने कहा, “मैं बहुत खुश हूं कि तेंदुलकर मुक्केबाजी देखते हैं और उन्होंने प्रो-बाक्सिंग के लिए मेरी तैयारियों के बारे में भी बात की। वह मेरे पेशेवर करियर में हो रही प्रगति से काफी खुश हैं।”
dharmpath.com dharmpath