विटामिन सी टालता है असमय मृत्यु का जोखिम

लंदन, 8 जुलाई (आईएएनएस)। विटामिन सी से भरपूर फल और सब्जियों का अधिक सेवन करने से हृदयाघात की आशंका और असमय मौत के जोखिम को कम किया जा सकता है। यह बात एक अध्ययन रिपोर्ट में कही गई है।

इस अध्ययन में शोधार्थियों ने डेनमार्क के एक लाख लोगों के सब्जी और फल खाने के रुझान और उनके डीएनए की जांच की।

डेनमार्क के हर्लेव एंड जेंटोफ्टे अस्पताल में क्लिनिकल बायोकेमिस्ट्री विभाग के चिकित्सक कैमिला कोबिलेकी ने कहा, “हमने देखा कि फल और सब्जी का सर्वाधिक सेवन करने वालों में हृदयवाहिनी रोगों का जोखिम 15 फीसदी कम था और समय से पहले मौत का जोखिम 20 फीसदी कम था।”

विटामिन सी विभिन्न ऊत्तकों और अंगों को जोड़ने वाले ऊत्तकों के निर्माण में मदद करता है।

यह एंटीऑक्सीडेंट की तरह भी काम करता है, जो कोशिकाओं और जैव अणुओं को क्षतिग्रस्त होने से बचाता है, जिसके कारण हृदयवाहिनी रोगों सहित अन्य अनेक प्रकार के रोग होते हैं।

शोध पत्रिका ‘अमेरिकन जर्नल ऑफ क्लिनिकल न्यूट्रीशन’ में प्रकाशित अध्ययन रिपोर्ट के मुताबिक मानव शरीर विटामिन सी बनाने में सक्षम नहीं होता है, इसलिए इसे भोजन के रूप में लिया जाना जरूरी होता है।

कोपेनहेगेन विश्वविद्यालय के बॉर्ज नोर्डेस्टगार्ड ने कहा, “रक्त में विटामिन सी की मात्रा बढ़ाने का प्राकृतिक तरीका है अधिक से अधिक फल और सब्जियों का सेवन। आप पूरक आहार से भी विटामिन सी ले सकते हैं, लेकिन भोजन के माध्यम से विटामिन सी लेना बेहतर रहता है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493