केप टाउन, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति जैकब जुमा द्वारा भारतीय मूल के पूर्व मंत्री प्रवीण गोर्धन और अन्य वरिष्ठ मंत्रियों को बर्खास्त किए जाने के बाद देश की मुद्रा में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले चार प्रतिशत की गिरावट आ गई है।
सीएनएन मनी की शुक्रवार की रपट के मुताबिक, सोमवार को जुमा द्वारा पूर्व वित्तमंत्री गोर्धन को लंदन में होने वाली बैठकें रद्द करके घर लौटने का आदेश देने के बाद से निवेशक अफ्रीका की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था को लेकर पहले ही चिंतित थे।
इस सप्ताह अफ्रीकी मुद्रा रैंड में आठ प्रतिशत की गिरावट आ गई है।
इससे दक्षिण अफ्रीका की अर्थव्यवस्था पर बेहद बुरा प्रभाव पड़ा है और इससे देश की क्रेडिट रेटिंग नीचे गिर सकती है।
सीईओ इनीशिएटिव के मुताबिक, “अगर निवेशकों का हमारी अर्थव्यवस्था पर से भरोसा और विश्वास उठ जाता है, तो केवल बड़े उद्यमों को ही नहीं, सभी नागरिकों को उच्च मुद्रास्फीति, खरीद क्षमता, बचत, पेंशन और निवेश में गिरावट के रूप में इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।”
सीईओ इनीशिएटिव के सदस्यों में इन्वेस्टेक, स्टैंडर्ड बैंक, टेलीकॉम और शीर्ष खनन कंपनियों के प्रमुख शामिल हैं।
रपट के मुताबिक, “लंदन में सूचीबद्ध इन्वेस्टेक के शेयरों में करीब नौ प्रतिशत की गिरावट आ गई। एक अन्य बड़ी वित्तीय कंपनी ओल्ड म्यूचुअल के शेयर छह प्रतिशत गिर गए।”
देश के वित्तमंत्री और अन्य कैबिनेट मंत्रियों की बर्खास्तगी से देश में अव्यवस्था फैलने की आशंका है।
dharmpath.com dharmpath