नई दिल्ली, 10 जनवरी (आईएएनएस)। एयर इंडिया के विनिवेश में तेजी लाने के लिए केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को राष्ट्रीय विमानन कंपनी को प्रत्यक्ष विदेशी निवेश के लिए सरकारी मंजूरी मार्ग के जरिए 49 फीसदी तक खोलने का फैसला किया है।
वर्तमान नियमों के तहत विदेशी विमानन कंपनियों को भारतीय विमानन कंपनियों में सरकारी मंजूरी मार्ग के जरिए निवेश की अनुमति थी, जो कि उनके पेड-अप कैपिटल के 49 प्रतिशत की सीमा तक है। हालांकि यह एयर इंडिया पर लागू नहीं होता था।
मंत्रिमंडल की बैठक के बाद आधिकारिक बयान जारी कर बताया गया, “अब इस प्रतिबंध को खत्म करने और विदेशी एयरलाइनों को एयर इंडिया में अनुमोदन मार्ग के तहत प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से 49 फीसदी तक निवेश करने की अनुमति दी गई है, जिसके तहत एयर इंडिया में विदेशी निवेश 49 प्रतिशत से अधिक होगा।”
बयान में कहा गया है, “एयर इंडिया का पर्याप्त स्वामित्व और वास्तविक नियंत्रण किसी भारतीय के हाथ में ही रहेगा।”
वर्तमान में वित्तमंत्री अरुण जेटली की अध्यक्षता में मंत्रिपरिषद एयर इंडिया के विनिवेश की रूपरेखा तैयार कर रही है।
dharmpath.com dharmpath