विदेश मंत्री के रूप में केरी अंतिम दौरे पर

वाशिंगटन, 13 जनवरी (आईएएनएस)। अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन एफ. केरी ने वाशिंगटन की ‘एशिया धुरी’ को बढ़ावा देने हेतु शुक्रवार को वियतनाम का अपना अंतिम दौरा शुरू किया। अमेरिकी विदेश मंत्री पद से केरी 20 जनवरी को मुक्त हो जाएंगे।

वह अपने चौथे और अंतिम दौरे पर गुरुवार को वियतनाम पहुंचे।

समाचार पत्र वाशिंगटन पोस्ट के अनुसार, नियुक्ति की मंजूरी के लिए सुनवाई के दौरान बुधवार को जब उनके उत्तराधिकारी रेक्स टिलरसन सवालों का जवाब दे रहे थे, तब केरी वाशिंगटन से दक्षिणपूर्व एशिया की 22 घंटे की यात्रा हेतु उड़ान भर चुके थे।

अमेरिकी इतिहास में सर्वाधिक यात्रा करने वाले विदेश मंत्री का यह अंतिम विदेश दौरा था।

सूत्रों के अनुसार, हाल की उड़ान के साथ वह अबतक 14 लाख मील से अधिक लंबी यात्रा कर चुके हैं।

समाचार एजेंसी एफे के अनुसार, केरी के वियतनाम दौरे का समापन शनिवार को मेंकांग नदी के मुहाना क्षेत्र में देश के दक्षिणी प्रांत का माउ में होगा। वियतनाम युद्ध के दौरान वह यहां मरीन के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

केरी पर्यावरणीय समस्याओं पर यहां विशेषज्ञों से भी बातचीत करेंगे। जलवायु परिवर्तन से यह क्षेत्र विश्व में सर्वाधिक प्रभावितों में एक है। वह वियतनाम में स्वच्छ ऊर्जा और दीर्घकालिक मूलभूत ढांचा के विकास में मदद करने के लिए कदम उठाएंगे।

मध्यपूर्व शांति पर अन्य देशों के विदेश मंत्रियों के साथ बैठक करने के लिए अमेरिकी विदेश मंत्री शनिवार को पेरिस के लिए रवाना होंगे और उसके बाद ब्रिटेन के विदेश मंत्री से मुलाकात के लिए लंदन जाएंगे।

अमेरिकी विदेश मंत्री के विदेश दौरे का समापन स्विट्जरलैंड में 17-18 जनवरी को होने वाली विश्व आर्थिक मंच की बैठक में होगा और 20 जनवरी को वह टिलरसन को प्रभार सौंप देंगे, जब नए राष्ट्रपति के रूप में डोनाल्ड ट्रंप शपथ लेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493