लंदन, 12 जुलाई (आईएएनएस)। वर्ल्ड नंबर-10 जर्मनी की टेनिस खिलाड़ी एंजेलिक केर्बर ने साल के तीसरे ग्रैंड स्लैम विबंलडन के महिला एकल वर्ग के फाइनल में जगह बना ली है।
केर्बर ने लातविया की येलेना ओस्टापेंको को मात देकर फाइनल में प्रवेश किया। पूर्व नंबर-1 केर्बर ने ओस्टापेंको को सीधे सेटों में 6-3, 6-3 से हराया।
केर्बर दूसरी बार इस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची हैं। इससे पहले वो 2016 में फाइनल खेल चुकी हैं जहां सेरेना के हाथों उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। केर्बर कुल तीसरी बार किसी भी ग्रैंड स्लैम के फाइनल में पहुंची हैं जिसमें से दो बार वो जीत हासिल करने में सफल रही हैं।
उन्होंने 2016 में सेरेना को ही हराकर आस्ट्रेलियन ओपन के रूप में अपना पहला ग्रैंड स्लैम खिताब जीता था। इसी साल वो अमेरिकी ओपन जीतने में भी सफल रही थीं।
फाइनल में एक बार फिर केर्बर के सामने अमेरिका की सेरेना हो सकती हैं, जिन्हें जर्मनी की जूलियन जॉर्जिस के खिलाफ दूसरा सेमीफाइनल मैच खेलना है।
dharmpath.com dharmpath