मुंबई, 11 फरवरी (आईएएनएस)। अभिनेत्री और निर्मात्री अनुष्का शर्मा ने उन सभी अफवाहों को खारिज किया है, जिसमें कहा गया है कि उनके कथित प्रेमी और भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने उनकी आगामी फिल्म ‘फिल्लौरी’ के निर्माण में निवेश किया है।
अनुष्का ने कहा कि महिलाएं अब अपने करियर को स्वयं संभालने की जिम्मेदारी ले रही हैं।
एक बयान में कहा गया कि अनुष्का ने साफ तौर पर दर्शाया है कि ‘फिल्लौरी’ का निर्माण ‘फोक्स स्टार हिंदी’ और उनके घरेलू बैनर ‘क्लीन स्लेट फिल्म्स’ के तहत किया गया है।
अनुष्का ने कहा, “मैंने पूरे गर्व के साथ अपने करियर को आगे बढ़ाया है और कई गलत कहानियों पर शांत रहना ही सही समझा है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि आप मेरी चुप्पी को मेरी कमजोरी समझें और बिना कुछ देखे-समझे मेरे और मेरी टीम के साथ कुछ भी कर दें।”
अभिनेत्री ने कहा, “मैं अपनी फिल्म के निर्माण और प्रचार के लिए सक्षम हूं। शुक्रिया।”
अपने भाई कर्नेश शर्मा के साथ घरेलू बैनर ‘क्लीन स्लेट फिल्म्स’ की शुरुआत करने वाली अनुष्का की इस प्रोडक्शन के तहत बनी पहली फिल्म ‘एनएच-10’ थी।
अनशाई लाल निर्देशित आगामी फिल्म ‘फिल्लौरी’ में सूरज शर्मा, दिलजीत दोसांझ भी मुख्य भूमिका में हैं। इस फिल्म में अनुष्का को एक भूत के रूप में देखा जाएगा।
dharmpath.com dharmpath