लंदन, 9 अगस्त (आईएएनएस)। अमेरिका के सैम केंड्रिक्स ने यहां खेली जा रही आईएएएफ विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में पुरुषों की पोल वॉल्ट स्पर्धा का स्वर्ण पदक अपने नाम किया है।
सैम ने ओलम्पिक स्टेडियम में हुई स्पर्धा में 5.95 मीटर ऊंचे पोल को सफलतापूर्वक लांघकर विश्व चैम्पियनशिप का सोना अपने नाम किया।
स्वर्णिम जीत के बाद कैंड्रिक्स ने अपने बयान में कहा, “मैंने आखिरकार विश्व खिताब जीता और इससे अधिक खुश मैं और हो नहीं सकता।”
कैंड्रिक्स ने कहा कि इस जीत के बाद वह सीधा अपने माता और पिता को गले लगाने पहुंचे। उनके लिए उनके माता-पिता दुनिया हैं।
इस मौके पर कैंड्रिक्स के कोच और उनकी प्रेमिका भी मौजूद थीं। इसलिए, यह पल उनके लिए और भी खास रहा।
पोलैंड के पिओत्र लिसेक ने 5.89 मीटर की छलांग लगाते हुए रजत पदक जीता। इसके अलावा, फ्रांस के रेनॉड लाविलेनई ने कांस्य जीता। कांस्य जीतने वाले लाविलेनेई पहले प्रयास में विफल हुए थे और इस कारण उन्हें तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।
कांस्य पदक विजेता लाविलेनई ने पोडियम हासिल करने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा, “इस साल मेरा लक्ष्य कुछ न हासिल करने से तो पदक हासिल करना था। पीठ में दर्द की समस्या के कारण मेरे लिए पिछले कुछ माह मुश्किल भरे रहे।”
dharmpath.com dharmpath