विश्व कप के लिए भारतीय टीम का चयन आज

indexनई दिल्ली, 6 जनवरी- इस साल फरवरी-मार्च में आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की संयुक्त मेजबानी में होने वाले आईसीसी विश्व कप-2015 के लिए भारतीय टीम का चयन मंगलवार को होगा। बीसीसीआई मंगलवार को मुंबई स्थित अपने मुख्यालय में होने वाली बैठक में विश्व कप के लिए 15 सदस्यीय टीम के अलावा इंग्लैंड और आस्ट्रेलिया के साथ होने वाली आगामी त्रिकोणीय श्रृंखला के लिए भी टीम की घोषणा करेगी।

विश्व कप के लिए 15 सदस्यीय टीम में आठ बल्लेबाजों और सात गेंदबाजों को शामिल किया जा सकता है। कप्तान महेंद्र सिंह धौनी के अलावा एक अतिरिक्त विकेटकीपर को भी रखा जा सकता है।

धौनी के अलावा शिखर धवन, रोहित शर्मा, विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे, सुरेश रैना, रविचंद्रन अश्विन, भुवनेश्वर कुमार, ईशांत शर्मा, मोहम्मद समी और उमेश यादव को शामिल किया जाना तय माना जा रहा है।

इसके बाद टीम में दो बल्लेबाज और दो गेंदबाजों को चुनने का जिम्मा बीसीसीआई पर है। बल्लेबाजों में अंबाती रायडू, रोबिन उथप्पा और मुरली विजय प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं, जबकि गेंदबाजी की दावेदारी में वरुण एरॉन, स्टुअर्ट बिन्नी और मोहित शर्मा के अलावा कर्ण शर्मा भी रेस में हैं।

बीसीसीआई कंधे की चोट से जूझ रहे और आस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज से हटने वाले रविंद्र जडेजा के स्थानापन्न खिलाड़ी की तलाश भी कर रही है। जडेजा अगर टीम में नहीं चुने जाते तो अक्षर पटेल को उनके स्थान पर टीम में लिया जा सकता है।

विश्व कप के लिए घोषित संभावित 30 खिलाड़ियों की सूची से बाहर जाकर किसी को शामिल करने की संभावना कम ही नजर आ रही है, लेकिन यह देखना दिलचस्प रहेगा कि पिछली बार भारत को विश्व विजेता बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले और मौजूदा रणजी सत्र के चार मैचों में तीन शतक लगा चुके युवराज सिंह के नाम पर बीसीसीआई विचार करती है या नहीं।

30 सदस्यीय सम्भावित टीम : महेंद्र सिह धौनी, शिखर धवन, रोहित शर्मा, अजिंक्य रहाणे, रोबिन उथप्पा, विराट कोहली, सुरेश रैना, अंबाती रायडू, केदार जाधव, मनोज तिवारी, मनीष पांडेय, रिद्धिमान साहा, संजू सैमसन, रविचंद्रन अश्विन, परवेज रसूल, कर्ण शर्मा, अमित मिश्रा, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, इशांत शर्मा, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद समी, उमेश यादव, वरुण एरॉन, धवल कुलकर्णी, स्टुअर्ट बिन्नी, मोहित शर्मा, अशोक डिंडा, कुलदीप यादव और मुरली विजय।

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493