‘विश्व कप क्वालीफायर के लिए समय पर तैयार रहेगा बोम्बोनेरा मैदान’

ब्यूनस आयर्स, 27 सितम्बर (आईएएनएस)। अर्जेटीना और पेरू के बीच होने वाले विश्व कप क्वालीफायर मैच के लिए बोम्बोनेरा स्टेडियम के मैदान को लेकर जताई जा रही चिंताओं के बीच अधिकारियों ने कहा है कि मैच के दिन मैदान बेहतरीन हालत में मिलेगा।

दोनों टीमों के बीच क्वालीफायर मैच अगले सप्ताह खेला जाएगा।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, बुधवार को ब्यूनस आयर्स में भारी बारिश शुरू हुई। मौसम के अगले सप्ताह तक ऐसे ही बने रहने की संभावना है। ऐसे में समय पर मैच के लिए पिच के तैयार होने को लेकर चिंता जताई जा रही है।

अर्जेटीना की राजधानी के दक्षिण में स्थित बोम्बोनेरा स्टेडियम में बोका जूनियर्स और चाकारीटा क्लब के बीच रविवार को सुपरलीग मैच खेला जाएगा। इसके बाद मैदान को क्वालीफायर मैच के लिए तैयार करने के लिए चार दिन मिलेगा।

बोका जूनियर्स क्लब के कोच गिलेर्मो बारोस ने संवाददाताओं से कहा, “किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं होगी।”

बारोस ने कहा कि रविवार के मैच के बाद स्टेडियम में रख-रखाव से संबंधित चीजों पर काम होगा, ताकि यह अर्जेटीना और पेरू के बीच क्वालीफायर मैच के लिए तैयार हो सके।

इस माह की शुरुआत में पेरू फुटबाल संघ ने आग्रह किया था कि पांच अक्टूबर को अर्जेंटीना के साथ खेले जाने वाले मैच का आयोजन इस स्टेडियम से हटाकर दूसरे स्टेडियम में कर दिया जाए। इसका कारण संघ ने अपने देश के दर्शकों की सुरक्षा बताया था।

उल्लेखनीय है कि बोका जूनियर्स और रीवर प्लेट के बीच 2015 में खेले जाने वाला एक मैच रद्द कर दिया गया था। रीवर प्लेट के खिलाड़ियों की आंखों पर प्रतिद्वंद्वी क्लब के समर्थकों द्वारा आंसू गैस के समान किसी पदार्थ का इस्तेमाल किया गया था, जिसके कारण दोनों क्लबों के बीच के मैच को रद्द कर दिया गया।

पेरू और अर्जेटीना दोनों ही टीमों को विश्व कप में सीधे प्रवेश के लिए विश्व कप क्वालीफायर में बाकी बचे दोनों मैचों में जीत हासिल करनी होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493