विश्व कप : गेंदबाजी में स्कॉटलैंड के जोश डावे शीर्ष पर

होबार्ट, 11 मार्च (आईएएनएस)। आईसीसी विश्व कप-2015 में भले ही स्कॉटलैंड को अब तक जीत का सुख नहीं मिल सका हो, लेकिन टीम के तेज गेंदबाज जोश डावे ने अपने प्रदर्शन से सभी क्रिकेट प्रशंसकों को प्रभावित किया है।

डावे विश्व कप में खेले पांच मैचों में अब तक 14 विकेट ले चुके हैं और टूर्नामेंट में विकेट लेने के मामले में शीर्ष पर हैं।

डावे ने बुधवार को बेलेरीव ओवल मैदान पर श्रीलंका के खिलाफ मैच में भी तीन विकेट हासिल किए। स्कॉटलैंड को हालांकि इस मैच में 148 रनों से हार का सामना करना पड़ा।

आईसीसी विश्व कप-2015 में अब तक सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में न्यूजीलैंड के ट्रेंट बोल्ट 13 विकेटों को साथ डावे के बाद दूसरे स्थान पर हैं।

शीर्ष पांच में न्यूजीलैंड के दो और गेंदबाजों टिम साउदी (13 विकेट) और डेनियल विटोरी (12) का नाम शामिल है। आस्ट्रेलिया के मिशेल स्टार्क 12 विकेट के साथ चौथे पायदान पर हैं।

भारतीय गेंदबाजों में मोहम्मद समी (12 विकेट) सबसे ऊपर हैं और कुल छठे पायदान पर हैं। रविचंद्रन अश्विन (11) इस मामले में सातवें स्थान पर हैं।

दूसरी ओर, लगातार चार शतक जड़ चुके श्रीलंका के कुमार संगकारा बल्लेबाजों की सूची में शीर्ष पर पहुंच गए हैं। उन्होंने इस विश्व कप में अब तक 496 रन बना लिए हैं। श्रीलंका के ही तिलकरत्ने दिलाशन 395 रनों के साथ दूसरे स्थान पर हैं।

आयरलैंड के खिलाफ 100 रनों की पारी खेलने वाले और अब तक टूर्नामेंट में दो शतक लगा चुके भारत के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन 333 रनों के साथ तीसरे पायदन पर हैं।

इसके बाद चौथे और पांचवें क्रम पर दक्षिण अफ्रीका के दो बल्लेबाज क्रमश: अब्राहम डिविलियर्स (318) तथा हाशिम अमला (295) मौजूद हैं। भारतीय उपकप्तान विराट कोहली (263) इस सूची में 12वें पायदान पर हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493