विश्व कप टीम में मोहित, कुलकर्णी की संभावना बरकरार : धौनी

मेलबर्न, 17 जनवरी (आईएएनएस)। भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने कहा है कि तेज गेंदबाज मोहित शर्मा और धवल कुलकर्णी के विश्व कप टीम में शामिल किए जाने की संभावनाएं अब भी बनी हुई है।

भारत ने दोनों खिलाड़ियों को विश्व कप के लिए घोषित 15 सदस्यीय टीम में जगह नहीं दी है, लेकिन उन्हें इंग्लैंड और आस्ट्रेलिया के साथ जारी त्रिकोणीय श्रृंखला के लिए टीम में शामिल किया गया है।

धौनी ने हालांकि आखिरी समय में दोनों खिलाड़ियों को विश्व कप के लिए चुने जाने की संभावना से इंकार नहीं किया है।

धौनी ने कहा, “दोनों खिलाड़ियों को आस्ट्रेलिया बुलाने का सबसे बड़ा कारण यही है। हम पहले चुने गए 15 सदस्यीय टीम से खिलाड़ियों को चुनेंगे। अगर हमें जरूरत महसूस हुई कि किसी खिलाड़ी को विश्व कप के लिए तैयार होने में और समय लगेगा फिर हम मोहित या धवल के बारे में विचार करेंगे।”

स्टुअर्ट बिन्नी को विश्व कप टीम में शामिल किए जाने पर धौनी ने कहा कि यहां की उछाल भरी पिच को देखते हुए एक ऐसे हरफनमौला खिलाड़ी की जरूरत थी जो बल्लेबाजी के साथ तेज गेंदबाजी भी कर सके।

धौनी ने कहा, “हम विश्व कप के कुछ मैच पर्थ और न्यूजीलैंड में खेलने वाले हैं जहां स्पिन गेंदबाजों की भूमिका कम हो जाती है। इसलिए स्टुअर्ट को शामिल करने का फैसला किया गया।”

धौनी ने साथ ही कहा कि आगामी विश्व कप में क्षेत्ररक्षण उनकी टीम का मजबूत पक्ष होगा।

उल्लेखनीय है कि पिछले चार सालों में खेले गए आईसीसी टूर्नामेंट में भारतीय टीम का प्रदर्शन शानदार रहा है। भारत 2013 में इंग्लैंड में खेली गई चैम्पियंस ट्रॉफी जीतने में कामयाब रहा था और पिछले साल बांग्लादेश में हुए टी-20 विश्व कप में भी उपविजेता रहा।

धौनी ने हालांकि माना कि आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के हालात बिल्कुल अलग होंगे और कुछ खिलाड़ी हल्की चोट से भी ग्रस्त हैं, लेकिन इसके बावजूद पिछले कुछ प्रदर्शनों से उत्साहित टीम आगामी विश्व कप में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रतिबद्ध है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493