विश्व कप : भारत मुश्किल में, 115 रनों पर 4 विकेट गंवाए (लीड-3)

सिडनी, 26 मार्च (आईएएनएस)। भारत ने सिडनी क्रिकेट मैदान पर गुरुवार को जारी आईसीसी विश्व कप-2015 के दूसरे सेमीफाइनल मैच में आस्ट्रेलिया द्वारा दिए गए 329 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 25 ओवरों में खेल में चार विकेट पर 115 रन बना लिए हैं।

अजिंक्य रहाणे 17 और कप्तान महेंद्र सिंह धौनी 2 रनों पर खेल रहे हैं। भारत ने अब तक शिखर धवन (45), रोहित शर्मा (34), विराट कोहली (1) और सुरेश रैना (7) के विकेट गंवाए हैं। उसे अगले 25 ओवरों में 8.56 के औसत से 214 रन बनाने हैं और उसके छह विकेट शेष हैं।

भारत ने अच्छी शुरुआत की। रोहित और धवन ने शुरुआती मुश्किलों को पार करते हुए अच्छे स्टोक्स लगाए और स्कोर को 76 रनों तक पहुंचा दिया।

धवन खासकर अच्छा खेल रहे थे लेकिन 13वें ओवर की पांचवीं गेंद पर वह जोश हाजेलवुड को अनावश्यक तौर पर सीमा रेखा के बाहर पहुंचाने के प्रयास में ग्लेन मैक्सवेल के हाथों लपके गए।

धवन ने 41 गेंदों पर एक छक्का और छह चौके लगाए। इसके बाद मिशेल जानसन की एक ऊंची गेंद पर सही तरीके से शॉट नहीं लगा सकने के कारण कोहली 78 के कुल योग पर आउट हुए।

कोहली ने 13 गेंदों का सामना किया। रोहित अच्छा खेल रहे थे। जानसन द्वारा फेंके गए 18वें ओवर की पांचवीं गेंद पर उन्होंने शानदार छक्का लगाया लेकिन अंतिम गेंद पर वह बोल्ड हो गए। रोहित ने 48 गेंद पर एक चौका और दो छक्के लगाए।

रैना का विकेट 108 रन के कुल योग पर गिरा। रैना को जेम्स फॉल्कनर ने विकेट के पीछे ब्रैड हेडिन के हाथों कैच कराया। उन्होंने 11 गेंदों का सामना कर एक चौका लगाया।

इससे पहले, आस्ट्रेलिया ने स्टीवन स्मिथ (105) के शानदार शतक और एरान फिंच (81) के साथ उनकी शतकीय साझेदारी की बदौलत टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 328 रन बनाए।

स्मिथ ने 93 गेंदों पर 11 चौके और दो छक्के लगाए। स्मिथ के अलावा उनके साथ दूसरे विकेट के लिए 182 रनों की साझेदारी करने वाले फिंच ने 116 गेंदों पर सात चौके और छक्का लगाया।

फिंच और स्मिथ के अलावा मध्यक्रम और पुछल्ले बल्लेबाजों की बदौलत आस्ट्रेलिया ने वह स्कोर हासिल किया जिस पर सवार होकर वह फाइनल में पहुंच सकता है क्योंकि विश्व कप इतिहास में अब तक कोई भी टीम नॉकआउट दौर में 300 से अधिक रनों का लक्ष्य नहीं हासिल कर सकी है।

स्मिथ और फिंच के अलावा ग्लेन मैक्सवेल ने तेजी से 23, शेन वॉटसन ने 28 और जेम्स फॉल्कर ने 21 रन बनाए। मिशेल जानसन 27 रनों पर नाबाद लौटे। मैक्सवेल ने 14 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्का लगाया।

वॉटसन ने 30 गेंदों की पारी में दो चौके और एक छक्का जड़ा जबकि फॉल्कनर ने 12 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्का जड़ा। कप्तान माइकल क्लार्क 10 रन ही बना सके। इसी तरह सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर ने 12 रन जोड़े।

आस्ट्रेलिया ने अंतिम पांच ओवरों में दो विकेट गंवाकर 57 रन बनाए। इसमें अधिकांश योगदान मिशेल जानसन का रहा जो 27 रन बनाकर नाबाद लौटे। जानसन ने मोहित शर्मा द्वारा फेंके गए अंतिम ओवर में 15 रन जुटाए।

जानसन ने 9 गेदों का सामना कर चार चौके और एक छक्का लगाया। ब्रैड हेडिन सात रनों पर नाबाद लौटे। इन दोनों ने आठवें विकेट के लिए 30 रनों की साझेदारी की।

भारत की ओर से उमेश याादव ने सबसे अधिक चार विकेट लिए। मोहित शर्मा को भी दो विकेट मिले। एक विकेट रविचंद्रन अश्विन को भी मिला।

उमेश विश्व कप के नॉकआउट मुकाबलों में दो बार चार विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। उमेश ने सिडनी क्रिकेट मैदान पर आस्ट्रेलिया के खिलाफ 72 रन देकर चार विकेट लिए।

इससे पहले उमेश ने 19 मार्च को मेलबर्न में बांग्लादेश के साथ हुए क्वार्टर फाइनल मैच में 31 रन देकर चार विकेट लिए थे।

उमेश ने आईसीसी विश्व कप-2015 में अब तक भारत की ओर से सबसे अधिक 18 विकेट हासिल किए हैं। वह अपने एकदिवसीय करियर के 48 मैचों में अब तक 67 विकेट ले चुके हैं।

27 साल के उमेश ने अब तक तीन मौकों पर पारी में चार विकेट लिए हैं। इनमें से दो मौकों विश्व कप के दौरान ही आए हैं।

भारत के लिए अच्छी खबर यह है कि उसने अब तक सबसे अधिक 15 बार 300 या उससे अधिक के लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत हासिल की है लेकिन बुरी बात यह है कि आस्ट्रेलिया अब तक पांच बार सेमीफाइनल में पहुंचा है और एक बार भी नहीं हारा है।

इस मैच को जीतने वाली टीम का सामना 29 मार्च को मेलबर्न में होने वाले फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड से होगा, जिसने सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को परास्त किया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493