विश्व कप : वेस्टइंडीज ने यूएई को 175 रनों पर समेटा

नेपियर, 15 मार्च (आईएएनएस)। कप्तान जेसन होल्डर (27-4) और जेरोम टेलर (36-3) की उम्दा गेंदबाजी की बदौलत वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम ने मैक्लीन पार्क मैदान पर रविवार को जारी आईसीसी विश्व कप-2015 के अपने अंतिम पूल मैच में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को 175 रनों पर समेट दिया।

टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी यूएई की टीम 47.4 ओवरों तक ही कैरेबियाई आक्रमण पंक्ति का सामना कर सकी। एक समय यूएई ने 46 रनों पर ही छह विकेट गंवा दिए थे लेकिन अमजद जावेद (56) और नासिर अजीज (60) ने सातवें विकेट के लिए 107 रनों की साझेदारी कर अपनी टीम को मजबूती प्रदान की।

नासिर ने 86 गेंदों का सामना कर आठ चौके लगाए जबकि अहजद ने 99 गेंदों की पारी में सात चौके और एक छक्का लगाया। इसके अलावा मोहम्मद नवीद ने 14 और एएम गुगरू ने नाबाद 10 रन बनाए।

वेस्टइंडीज की ओर से होल्डर और टेलर के अलावा आंद्रे रसेल ने दो और मार्लन सैमुएल्स ने एक विकेट लिया।

अब तक पांच मैचों में दो जीत के साथ चार अंक हासिल कर चुकी वेस्टइंडीज टीम का भविष्य यह मैच तय करेगा। वेस्टइंडीज को नॉकआउट दौर में पहुंचने के लिए यह मैच न केवल बड़े अंतर से जीतना होगा बल्कि पाकिस्तान और आयरलैंड के बीच आज ही होने वाले मुकाबले के नतीजे पर भी निर्भर रहना होगा। इस मैच में आयरलैंड अगर जीतता है तो वह क्वार्टर फाइनल में पहुंच जाएगा।

इसके बाद पाकिस्तान और वेस्टइंडीज में से बेहतर नेट रन रेट वाली टीम अगले दौर में क्वालीफाई करेगी।

दूसरी ओर यदि पाकिस्तान जीत जाता है तो भी कैरेबियाई टीम के लिए यूएई को हराना जरूरी है। बहरहाल, समीकरण कई हैं लेकिन एक बात निश्चित है कि दो बार की चैम्पियन कैरेबियाई टीम को किसी भी हालत में यूएई को हराना होगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493