विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप : साक्षी रेपचेज में हारीं, पूजा और रितु कांस्य के लिए लड़ेंगी

बुडापेस्ट, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। रियो ओलम्पिक की कांस्य पदक विजेता भारतीय महिला पहलवान साक्षी मलिक को यहां जारी विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप के 62 किग्रा के रेपचेज में गुरुवार को हार का सामना करना पड़ा जबकि रितु फोगाट और पूजा ढांडा ने अपने-अपने वर्ग के रेपचेज मुकाबले जीतकर कांस्य पदक मुकाबले में जगह बना ली।

साक्षी को 62 किग्रा के क्वार्टर फाइनल में दो बार की विश्व चैम्पियन जापान की युकाको क्वाई से 2-16 से करारी मात खानी पड़ी।

हालांकि युकाको के फाइनल में पहुंचने से साक्षी को रेपचेज में पहुंचने का मौका मिला जहां उन्होंने गुरुवार को हंगरी की मरियाना सास्तिन को कड़ी चुनौती दी। लेकिन भारतीय पहलवान को नजदीकी मुकाबले में 2-3 से हार का सामना करना पड़ा।

57 किग्रा में पूजा ने अजरबेजान की एलोना कास्निक को 8-3 से पराजित कर कांस्य पदक के मुकाबले में प्रवेश किया। कांस्य के लिए पूजा का सामना नार्वे की ग्रेस जैकब से होगा।

राष्ट्रमंडल खेलों की रजत पदक विजेता पूजा को चीन की नींगनींग रोंग ने रोमांचक मुकाबले में 4-3 से पराजित किया था और रोंग के फाइनल में पहुंचने से पूजा को रेपचेज में खेलने का मौका मिला था। लेकिन वह इस मौके को गंवा बैठी।

वहीं, 50 किग्रा के रेपचेज में रितु ने रोमानिया की एमिलीया एलीना को मात देकर कांस्य पदक मुकाबले में जगह बनाई, जहां अब उनके सामने यूक्रेन की ओकसाना लिवच की चुनौती होगी।

रितु क्वार्टर फाइनल में पिछले साल 48 किग्रा में खिताब जीतने वाली जापान की युई सुसाकी ने क्वार्टरफाइनल में 11-0 से हराया। लेकिन सुसाकी के फाइनल में पहुंचने से रितु को रेपचेज में उतरने का अवसर प्राप्त हुआ था।

इस बीच ग्रीको रोमन में विजय, गौरव शर्मा, मनीष और दीपक को पहले ही राउंड में हार का सामना करना पड़ा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493