लंदन, 7 अगस्त (आईएएनएस)। ग्रीस की महिला एथलीट इकातेरिनी स्टेफनिडी ने आईएएएफ विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में महिलाओं की पोल वॉल्ट स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता है।
लंदन ओलम्पिक स्टेडियम में रविवार को हुए पोल वॉल्ट स्पर्धा के फाइनल में उन्होंने 4.91 मीटर की सर्वश्रेष्ठ ऊंचाई हासिल करते हुए सोना हासिल किया।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, स्टेफनिडी ने पिछले साल हुए रियो ओलम्पिक-2016 में इसी स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किया था।
इसके अलावा, विश्व चैम्पियनशिप में अमेरिका की सैंडी मोरिस को 4.75 मीटर की दूरी के साथ रजत पदक हासिल हुआ।
इस चैम्पियनशिप के पिछले संस्करण 2015 में स्वर्ण जीतने वाली क्यूबा की यारीस्ले सिल्वा को इस बार कांस्य पदक से ही संतोष करना पड़ा। उन्होंने यह पदक वेनेजुएला की रोबेइल्यस पेईनाडो के साथ साझा किया।
दोनों खिलाड़ियों का प्रदर्शन 4.65 मीटर रहा और इसी स्कोर के साथ यह दोनों खिलाड़ी संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहीं।
dharmpath.com dharmpath