विश्व रैंकिंग में फिर शीर्ष पर पहुंचीं सायना

नई दिल्ली, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत की स्टार महिला बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल ने गुरुवार को विश्व बैडमिंटन महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) की ओर से जारी महिला एकल विश्व रैंकिंग में फिर से शीर्ष वरीयता हासिल कर ली।

सायना दो सप्ताह पहले करियर में पहली बार सर्वोच्च विश्व वरीयता हासिल करने में सफल रही थीं। हालांकि अगले सप्ताह ही वह दूसरे नंबर पर फिसल गईं।

पिछले हफ्ते शीर्ष पर रहीं चीन की ओलम्पिक चैम्पियन ली ज्यूरूई इस सप्ताह दो स्थान खिसककर तीसरे स्थान पर पहुंच गईं, जबकि सायना शीर्ष पर और मौजूदा विश्व चैम्पियन स्पेन की कैरोलीना मारिन दूसरे पायदान पर पहुंचने में सफल रहीं।

सायना के लिए वर्ष 2015 बेहद सफल रहा है। जनवरी में इंडिया ग्रांप्री. गोल्ड खिताब जीतने में सफल रहीं और इसके बाद मार्च में इंडिया ओपन सुपरसीरीज भी अपने नाम किया।

इससे पहले पिछले महीने सायना ऑल इंग्लैंड ओपन वर्ल्ड सुपरसीरीज के फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी भी बनीं।

हाल ही में हुए मलेशिया ओपन सुपरसीरीज में भी सायना ने सेमीफाइनल तक का सफर तय किया।

चोट के कारण लंबे समय से कोर्ट से बाहर चल रहीं भारत की दूसरे नंबर की खिलाड़ी पी. वी. सिंधू को तीन स्थान का नुकसान हुआ है और शीर्ष 10 से वह बाहर हो गई हैं।

सिंधू 12वें पायदान पर खिसक गईं।

पुरुष एकल वर्ग में देश के शीर्ष वरीय किदांबी श्रीकांत ने चौथी विश्व वरीयता बरकरार रखी है, जबकि मौजूदा राष्ट्रमंडल चैम्पियन पारुपल्ली कश्यप ने एक स्थान चढ़कर 14वीं विश्व वरीयता हासिल कर ली है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493