विश्व स्वास्थ्य सम्मेलन में योग पर फोटो प्रदर्शनी

जेनेवा, 20 मई (आईएएनएस)। जेनेवा में मंगलवार को 68वीं स्वास्थ्य महासभा से अलग स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री और महासभा के वर्तमान अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने ‘सभी के लिए योग, सभी के लिए स्वास्थ्य’ विषय पर फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर विश्व स्वास्थ्य संगठन की महानिदेशक डॉ. मार्गरेट चान भी उपस्थित थीं। फोटो प्रदर्शनी के दौरान डॉ. चान ने बताया कि वह भी नियमित तौर पर योग करती हैं।

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हमें लोगों को अच्छे स्वास्थ्य में मददगार जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा देनी चाहिए। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाए जाने के प्रस्ताव को पारित करने के लिए आभार व्यक्त किया। इससे स्वास्थ्य और स्फूर्ति के लिए योग की सम्पूर्ण प्रणाली को मान्यता मिली है और इससे योग की लोकप्रियता का संकेत मिलता है। इस प्रस्ताव को स्वीकार कराने में डॉ. चान के योगदान की भी उन्होंने सराहना की।

नड्डा ने कहा कि जेनेवा में भारत का स्थायी मिशन संयुक्त राष्ट्र कार्यालय के साथ मिलकर 21 जून 2015 को पहले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर विशेष आयोजन करेगा। जेनेवा में स्थित सभी देशों के मिशन इसे कामयाब बनाने के लिए इसमें शामिल होंगे।

नड्डा ने 68वीं महासभा से अलग अमेरिका, ब्रिटेन, नीदरलैंड और स्वीडन सहित कई देशों के साथ आपसी विचार-विमर्श किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493