विस्कॉन्सिन में क्रूज से पिछड़े ट्रंप : सर्वेक्षण

वाशिंगटन, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। विस्कॉन्सिन में मंगलवार को होने वाले रिपब्लिकन पार्टी के प्राइमरी (राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के चयन के लिए मतदान) से कुछ घंटों पहले आई सर्वेक्षण रपट में डोनाल्ड ट्रंप को प्रतिद्वंद्वी ट्रेड क्रूज से पांच अंकों से पीछे बताया गया।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार सोमवार को विस्कॉन्सिन में एमर्सन कॉलेज पोलिंग सोसाइटी के सर्वेक्षण में क्रूज को जहां 40 प्रतिशत रिपब्लिकन मतदाताओं का समर्थन मिला, वहीं ट्रंप 35 प्रतिशत मतदाताओं का ही समर्थन जुटा पाए।

सर्वेक्षण के अनुसार विस्कॉन्सिन में संभावित प्राइमरी मतदताओं के बीच क्रूज की तुलना में ट्रंप की छवि ज्यादा नकारात्मक दिखी।

हाल के सर्वेक्षणों की श्रृंखला में यह सर्वेक्षण नया है। रपट में इसका भी उल्लेख है कि इन सभी सर्वेक्षणों में ट्रंप, क्रूज से पीछे दिखे हैं। कुछ में तो यह फासला दस अंकों तक का दिखा।

चुनावी गणित की दृष्टि से विस्कॉन्सिन में जीत से न तो नामांकन के लिए ट्रंप की राहें आसन होंगी और न ही हार से उनकी संभावनाएं खत्म हो जाएंगी। विस्कॉन्सिन में जीत से सिर्फ 42 प्रतिनिधियों की ही संख्या बढ़ेगी।

फिर भी, अगर विस्कॉन्सिन में ट्रंप हारे तो यह उनके लिए भारी झटका होगा। एक तो वहां मजदूरों की संख्या अधिक है और दूसरा मतदान के नियम के मुताबिक निर्दलीय मतदाता भी प्राइमरी में वहां वोट डाल सकते हैं। ऐसा माना जा रहा है कि यहां की परिस्थितियां ट्रंप के पक्ष में काम करेंगी। अगर ऐसा नहीं हुआ तो यह ट्रंप के लिए झटका होगा।

विस्कॉन्सिन में हार होने पर जुलाई में होने वाले पार्टी के सम्मेलन से पहले ट्रंप के लिए राष्ट्रपति पद का प्रत्याशी बनने के लिए जरूरी 1237 प्रतिनिधियों को जुटाना मुश्किल हो जाएगा।

हाल में न्यूयॉर्क टाइम्स द्वारा की गई प्रतिनिधियों की गणना के अनुसार ट्रंप अभी 735 प्रतिनिधि ही जुटा पाए हैं जो प्रत्याशी नामांकन के लिए निश्चित संख्या से 502 कम है।

ट्रंप विरोधी रिपब्लिकन पहले ही यह सुझाव दे चुके हैं कि जुलाई में पार्टी के राष्ट्रपति नामांकन सम्मेलन में अगर ट्रंप को मत के आधार पर रोका जा सके तो फिर मतदान सम्मेलन में उनसे नामांकन का अधिकार छीना जा सकेगा।

अपनी विवादास्पद बातों की वजह से ट्रंप ने खुद रिपब्लिकन पार्टी में बड़ी संख्या में अपने विरोधी पैदा कर लिए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493